पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ की हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक आरोपी राज सिंह को बंगाल पुलिस ने अयोध्या से दबोचा है। राज सिंह बलिया सदर कोतवाली क्षेत्र के आनंद नगर का रहने वाला है। अन्य दो आरोपियों में से एक बिहार के बक्सर और दूसरा झारखंड का रहने वाला है। पीए चंद्रनाथ की हत्या पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद 4 मई, सोमवार को हुई थी। बताया जा रहा है कि राज सिंह को अयोध्या से पकड़ा गया है। बंगाल पुलिस कई दिनों से राज सिंह की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। रविवार देर रात पुलिस टीम ने अयोध्या में दबिश देकर उसे हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। बता दें कि राज सिंह जिले के वार्ड नंबर 15 से सभासद का चुनाव भी लड़ चुका है। राजसिंह के पिता स्व. गिरिजा नाथ सिंह की मौत हो चुकी है। जबकि उसकी माता जामवंती सिंह घर पर ताला लगाकर कहीं चली गई हैं। घर पर लटका मिला ताला राज सिंह के आनंद नगर स्थित आवास पर सोमवार को ताला बंद मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार के लोग कहीं और चले गए हैं। पड़ोसियों के मुताबिक, देर रात कई गाड़ियों के पहुंचने की आवाज सुनाई दी थी, जिसके बाद सादे कपड़ों में कुछ लोग मोहल्ले में पूछताछ करते नजर आए थे। राज सिंह का तीन साल पहले सदर कोतवाली क्षेत्र में एक अंडा दुकानदार को गोली मारने के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। हालांकि इस संबंध में पुलिस अधिकारियों ने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। हाईवे पर घेराबंदी कर दबोचा गया शूटर पुलिस सूत्रों के अनुसार, कोलकाता पुलिस को इनपुट मिला था कि हत्या में शामिल एक संदिग्ध शूटर लखनऊ से गोरखपुर की ओर जा रहा है। इस सटीक सूचना पर बंगाल पुलिस ने अयोध्या कोतवाली क्षेत्र में बूथ नंबर-4 के पास नेशनल हाईवे पर घेराबंदी की। जैसे ही राज सिंह की गाड़ी वहां पहुंची, पुलिस टीम ने उसे चारों ओर से घेर लिया और राज सिंह को हिरासत में ले लिया। इस गिरफ्तारी की कड़ी बिहार के बक्सर जिले से जुड़ी है। कोलकाता पुलिस ने पहले ही दो अन्य संदिग्धों को बक्सर से हिरासत में लिया था। उनसे पूछताछ के दौरान तीसरे आरोपी के बारे में अहम जानकारी मिली। इसी इनपुट के आधार पर पुलिस ने शूटर की लोकेशन ट्रैक की और उसे अयोध्या में पकड़ लिया। क्या है पूरा मामला? बीजेपी की जीत के बाद शुभेंदु अधिकारी के करीबी और उनके पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या से पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल मच गई थी। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और राजनीतिक रंजिश को लेकर कई सवाल खड़े हुए थे। हत्या के बाद आरोपी फरार चल रहे थे और पुलिस की कई टीमें अलग-अलग राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही थीं। आगे की कार्रवाई बताया जा रहा है कि गिरफ्तार शूटर को कोलकाता पुलिस अपने साथ ले गई है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से हत्या के पीछे के मास्टरमाइंड तक पहुंचने में मदद मिलेगी। फिलहाल आरोपी से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसे हत्या की सुपारी किसने दी थी और इस वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे। ———————————————- ये खबर भी पढ़ेंः- काशी में जम्मू-तवी एक्सप्रेस में यात्री की हत्या:बाथरूम से निकलते ही सिर में गोली मारी; ट्रेन में हत्या की दो दिन में दूसरी वारदात वाराणसी में जम्मू-तवी एक्सप्रेस ट्रेन के एक यात्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रविवार रात 2 बजे बाथरूम से निकलते ही बदमाशों ने उसके सिर में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी। इसी बीच ट्रेन की रफ्तार धीमी हुई और हमलावर ट्रेन से कूदकर फरार हो गए। पढ़ें पूरी खबर…