यूपी में धनतेरस पर शुक्रवार सुबह से ही बाजारों में रौनक देखने को मिली। ज्वेलरी, बर्तन, कपड़े और ऑटोमोबाइल शोरूम में खरीदारों की भीड़ लगी रही। बलरामपुर में चेयरमैन धीरेंद्र प्रताप सिंह ने चार फॉर्च्यूनर खरीदकर करीब 2.20 करोड़ रुपए खर्च किए। प्रयागराज में सपा नेता संदीप यादव ने डेढ़ लाख रुपए की भैंस और डेढ़ लाख रुपए की गाय खरीदी। उन्होंने कहा कि यही उनके लिए ब्लैक फॉर्च्यूनर और ब्लैक थार है। आगरा में तनिष्क शोरूम पर 40 लाख रुपए का डायमंड सेट बिका, जबकि चाबी से खुलने वाली मिठाई 1,800 रुपए किलो बिकी। वहीं, बस्ती में मारुति सुजुकी के शोरूम पर एक दिन में 60 गाड़ियों की बुकिंग हुई, जिनकी कीमत 10 करोड़ रुपए से ज्यादा बताई गई है। इस बार धनतेरस 6 और 7 नवंबर, दो दिन मनाई जा रही है। ऐसे में शनिवार को भी बाजारों में खरीदारी का सिलसिला जारी रहेगा।