संगम में नाव पर बैठे-बैठे श्रद्धालु की मौत:अचानक गिरे, फिर नहीं उठ पाए; मथुरा से घूमने आए थे

प्रयागराज में संगम की सैर करने के दौरान 38 साल के श्रद्धालु की हार्ट अटैक से मौत हो गई। 15 जुलाई को हुई इस घटना का शनिवार शाम करीब 5 बजे वीडियो सामने आया। इसमें दिख रहा है कि श्रद्धालु लाइफ जैकेट पहनकर नाव पर बैठे हैं। वह मोबाइल चला रहे हैं। उनके आगे एक बच्चा बैठा है। तभी श्रद्धालु अचानक नीचे गिर गए और फिर नहीं उठ सके। वह परिवार के साथ मथुरा से संगम घूमने आए थे। उनके चचेरे भाई रणवीर ठाकुर मथुरा में भाजपा के जिला मंत्री हैं। 2 तस्वीरें देखिए… मथुरा से पूरा परिवार प्रयागराज घूमने आया था विष्णु ठाकुर मथुरा के बरसाना के रहने वाले थे। वह गेस्ट हाउस चलाते थे। उनके चचेरे भाई रणवीर ठाकुर मथुरा भाजपा के जिला मंत्री हैं। रणवीर ने बताया- 15 जुलाई को पूरा परिवार मथुरा से संगम नहाने गया था। इनमें विष्णु, उनकी पत्नी हेमलता के अलावा बहन-बहनोई और भाई-भाभी भी शामिल थे। शाम करीब 4:30 बजे परिवार संगम पहुंचा और नाव पर बैठकर संगम नोज की ओर जाने लगा। विष्णु किनारे की ओर बैठे थे। बगल में उनके भाई और अन्य घरवाले बैठे थे। आगे बैठा 5 साल का भतीजा खेल रहा था। नाव पर बैठे-बैठे गिरे, फिर नहीं उठे नाव थोड़ा आगे बढ़ी, तभी विष्णु अचानक बैठे-बैठे ही नाव पर लुढ़क गए। पहले तो घरवालों को कुछ समझ नहीं आया। बाद में जब उन्होंने विष्णु को उठाने की कोशिश की, तो वह बेसुध मिले। तुरंत नाव को वापस घाट पर ले जाया गया। इसके बाद परिवारवाले उन्हें लेकर पास के ही एक अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां जवाब दे दिया गया। इसके बाद दूसरे अस्पताल ले गए, जहां विष्णु को मृत घोषित कर दिया गया। अब पढ़िए वीडियो में क्या दिख रहा पूरी घटना का 21 सेकेंड का वीडियो सामने आया है। इसमें विष्णु ठाकुर नाव में अपने परिवार के साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं। कुछ सेकेंड बाद वह अचानक गिर पड़ते हैं। इस पर नाव में मौजूद लोग घबरा जाते हैं। विष्णु को संभालने का प्रयास करते हैं। तभी पीछे से एक महिला की आवाज सुनाई देती है- इसको क्या हो गया? वहीं अन्य घरवाले नाव रोकने के लिए कहते हैं। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ क्षण पहले तक विष्णु अपना मोबाइल फोन चला रहे थे। विष्णु की मौत के बाद घरवाले शव लेकर मथुरा चले गए। अगले दिन 16 जुलाई को उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। उधर, इस मामले में दारागंज पुलिस ने घटना की जानकारी से इनकार किया। थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा ने बताया कि उन्हें ऐसी कोई सूचना नहीं मिली। ———————— ये खबर भी पढ़ें लड़की से पूछा- शादी करोगी, मना करते ही गोली मारी:चिल्लाते हुए भागा- किसी और की नहीं होने दूंगा; मेरठ में बीच सड़क वारदात मेरठ में सिरफिरे आशिक ने एकतरफा प्यार में बीच सड़क 24 साल की लड़की को गोली मार दी। गुरुवार रात 11 बजे आरोपी ने सहेली के साथ लड़की को रोका। उससे पूछा- मुझसे शादी कर लो। लड़की ने मना किया तो बंदूक निकाल ली। फायर कर दिया। पढ़ें पूरी खबर…