सात महीने तक ऊंचाई पर रहने के बाद अब हवाई किराया धीरे-धीरे जमीन पर आ गया है। यात्रियों की संख्या कम होने से लखनऊ से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, बंगलूरू, कोलकाता और अहमदाबाद जाने वाली उड़ानों के टिकटों के दाम में कमी आई है। त्योहारों के दौरान चार से पांच गुना तक महंगे हुए किराए के मुकाबले अब कई रूटों पर टिकट काफी सस्ते मिल रहे हैं। यात्रियों की संख्या बढ़ाने के लिए एयरलाइनों ने भी मंथन शुरू कर दिया है। होली के दौरान बढ़ी मांग के चलते हवाई सफर बेहद महंगा हो गया था। गर्मी की छुट्टियों में भी किराए में खास कमी नहीं आई। इसके बाद पश्चिमी देशों में युद्ध के कारण ईंधन संकट और विमान संचालन की बढ़ी लागत का असर भी किराए पर पड़ा। महंगे टिकटों के चलते यात्रियों की संख्या में कमी आई। अब मांग घटने के साथ एयरलाइनों ने किराए में कटौती शुरू कर दी है। हैदराबाद का किराया 8392 रुपये तक आया लखनऊ से हैदराबाद की इंडिगो की सीधी उड़ान का किराया अब करीब 8392 रुपये है। त्योहारों के दौरान यही टिकट 15 से 18 हजार रुपये तक पहुंच गया था। इसी तरह बंगलूरू के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की सीधी उड़ान आईएक्स-1520 का किराया 7339 रुपये और इंडिगो की 6ई-221 का टिकट 7342 रुपये में मिल रहा है। पहले इन उड़ानों का किराया 12 से 15 हजार रुपये के बीच था। कोलकाता जाने वाली इंडिगो की सीधी उड़ान 6ई-6469 का टिकट 7080 रुपये और अहमदाबाद की 6ई-142 का किराया 7447 रुपये तक आ गया है। दिल्ली-मुंबई रूट पर सबसे ज्यादा उड़ानें लखनऊ से दिल्ली और मुंबई के लिए सबसे अधिक उड़ानों का संचालन होता है। इन दोनों प्रमुख रूटों पर भी किराए में कमी देखने को मिल रही है। मुंबई के लिए इंडिगो की सीधी उड़ान 7746 रुपये, एयर इंडिया एक्सप्रेस 8057 रुपये और एयर इंडिया की उड़ान 8217 रुपये में उपलब्ध है। पहले इन रूटों पर टिकट 10 हजार रुपये से अधिक में मिल रहे थे। दिल्ली के लिए इंडिगो की सीधी उड़ान का किराया 5233 रुपये, एयर इंडिया एक्सप्रेस का 5284 रुपये और एयर इंडिया की उड़ान का किराया 5703 से 7721 रुपये तक है। इससे यात्रियों को आने वाले दिनों में हवाई सफर के लिए राहत मिलने की उम्मीद है।