हत्या कर कुएं में फेंका, ऊपर से परफ्यूम डाला:मथुरा में 3 साल बाद मिला कंकाल; आरोपी के भतीजे ने खोला राज

मथुरा में 3 साल से लापता 27 साल के युवक का कंकाल 90 फीट गहरे सूखे कुएं से मिला। दोस्तों ने पहले उसका गला घोंटा, फिर लाश कुएं में फेंक दी थी। बदबू बाहर न आए, इसलिए लाश पर इत्र डाल दिया था। मामले का खुलासा पुलिस जांच से नहीं, बल्कि आरोपी के भतीजे की दी जानकारी के बाद हुआ। शव की पहचान बाजना गांव के रहने वाले लाखन के रूप में हुई। लाखन पारिवारिक झगड़े के बाद अचानक लापता हो गया था। लंबे समय तक उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार को गांव के रहने वाले टीकम खान के भतीजे ने घरवालों को बताया कि उसके चाचा ने लाखन की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया था। इसके बाद शनिवार दोपहर करीब 3 बजे पुलिस ने 2 आरोपियों को हिरासत में ले लिया। घटना हाईवे थाना क्षेत्र के बाजना पुल के पास की है। अब घटनाक्रम विस्तार से… 90 फीट गहरे कुएं से मिला कंकाल बाजना गांव का रहने वाला लाखन अक्टूबर, 2023 में घर में हुए झगड़े के बाद नाराज होकर बाहर निकल गया था। वह काफी दिनों तक घर नहीं लौटा। लाखन को काफी ढूंढने के बाद उसके भाई कल्लू ने थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। इसके बाद परिवारवालों और पुलिस ने लाखन की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिवार को उम्मीद थी कि गुस्सा शांत होने पर लाखन एक दिन घर लौट आएगा। लाखन के भाई कल्लू ने बताया- कुछ दिन पहले टीकम का अपने भाई सौदान से झगड़ा हो गया था। इसी दौरान उसने धमकी दी कि जैसे लाखन को मारा, वैसे ही तुझे भी मार दूंगा। यह बात सौदान के नाबालिग बेटे ने सुन ली। उसने यह बात हमको आकर बताई। इसके बाद हमने पुलिस को सूचना दी। रात होने की वजह से पुलिस ने शनिवार सुबह कुएं में सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिसवाले जब कुएं में 90 फीट नीचे उतरे, तो झाड़ियों के नीचे नरकंकाल और फटे हुए कपड़े मिले। घरवालों ने लोअर और मोजों से लाखन की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने कंकाल पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ बैठकर नशा किया, फिर मार डाला लाखन के भाई कल्लू ने बताया- भाई की दोस्ती टीकम खान और महेश सैनी से थी। जिस दिन वह घर से निकला, उसी दिन दोनों के साथ बैठकर नशा किया था। इसी दौरान किसी बात पर उन लोगों में झगड़ा हो गया था। इसके बाद टीकम और महेश ने गमछे से लाखन का गला घोंट दिया। हत्या करने के बाद लाश सूखे कुएं में फेंककर ऊपर से झाड़ियां डाल दीं। बदबू न फैले, इसलिए लाश पर इत्र भी डाल दिया। हत्या के बाद टीकम और लाखन सामान्य जिंदगी जीते रहे। टीकम परिवार के साथ खेतों में काम करता रहा, जबकि महेश लाखन के भाई के साथ बिजली का काम करता रहा। जब भी परिवार लाखन की तलाश में निकलता, दोनों आरोपी भी उनके साथ जाते थे। इससे किसी को उन पर शक नहीं हुआ। एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया- कुएं से मिले कंकाल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। आरोपी टीकम खान और महेश सैनी को हिरासत में लिया है। हत्या की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। —————————— यहां पढ़ें पूरी खबर यूपी में छात्रों का जश्न- पोल पर चढ़े, मेलोडी खिलाई, धर्मेंद्र प्रधान के विरोध वाले बैनर-पोस्टर फाड़े केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद शनिवार दोपहर यूपी के छात्रों ने जश्न मनाया। प्रयागराज में छात्र पोल पर चढ़ गए। टी-शर्ट हवा में लहराते हुए झूम उठे। छात्राओं ने इस्तीफे की मांग वाले पोस्टर फाड़ते हुए कहा- यह युवाओं की बड़ी जीत है। यह खबर भी पढ़ें