यूपी की बड़ी खबरें:कांग्रेस ने बनाई ओबीसी एडवाइजरी, प्रोफेसर रविकांत समेत यूपी से 3 चेहरे शामिल

उत्तर प्रदेश- 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस भी ओबीसी पर फोकस कर रही है। राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस ने ओबीसी एडवाइजरी का गठन किया है। इसमें अलग-अलग प्रदेशों के 21 वरिष्ठ ओबीसी नेताओं को शामिल किया गया है। इसी तरह एक एडवाइजरी ओबीसी की राज्यों में भी बनाई जा रही है। यूपी के लिए बनाए जाने वाली ओबीसी एडवाइजरी में प्रोफेसर रविकांत चंदन, एचएल दुसाध और सुरेंद्र कुमार को शामिल किया गया है। जल्द ही इस एडवाइजरी में दूसरे कांग्रेसी नेता भी शामिल किए जाएंगे। प्रदेश स्तर पर भी 21 सदस्य टीम का गठन होगा। यह टीम पूरे प्रदेश में जिले स्तर पर ओबीसी नेताओं को आगे बढ़ने का काम करेगी। कांग्रेस की मंशा है कि वोटरों में 50% हिस्सेदारी रखने वाले ओबीसी को साथ कर वह प्रदेश में अपनी पुरानी हैसियत फिर से हासिल कर सकती है। सपा से निकाले जाने के बाद पूजा पाल का हमला: एक्स पर कहा- PDA का मतलब परिवार, दागी और अपराधी कौशांबी की चायल सीट से सपा विधायक पूजा पाल ने पार्टी से निष्कासन के बाद अध्यक्ष अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने X पर एक वीडियो और दो पन्नों का पत्र साझा करते हुए लिखा कि सपा में पिछड़े, अति पिछड़े और दलित दूसरे दर्जे के नागरिक हैं, जबकि मुस्लिम, चाहे अपराधी क्यों न हों, पहले दर्जे के नागरिक माने जाते हैं। पूजा पाल ने कहा कि पति की हत्या के मामले में सपा ने कोई मदद नहीं की, जबकि भाजपा सरकार में अपराधियों को सजा मिलती है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी हत्या होती है, तो उसकी जिम्मेदारी सपा और अखिलेश यादव की होगी। हाल ही में उन्होंने विधानसभा में सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ की थी। इसके लगभग 8 घंटे बाद, 14 अगस्त को उन्हें पार्टी से निकाल दिया गया। पढ़ें पूरी खबर कासगंज में फावड़ा मांगने के विवाद में युवक की हत्या:पूर्व राशन डीलर और बेटे ने ईंट-पत्थरों से पीट-पीटकर मार डाला कासगंज में शनिवार को एक युवक की हत्या कर दी गई। दोपहर में पड़ोसी से फावड़ा मांगने को लेकर विवाद हुआ था, जिसे ग्रामीणों ने शांत करा दिया। लेकिन शाम को किसी बात को लेकर फिर से विवाद बढ़ गया। इसके बाद पिता-पुत्र ने युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मामला सोरों कोतवाली क्षेत्र के चन्दवा गांव की है। पढ़ें पूरी खबर… मेरठ में भाजपा पार्षद ने बंदर से की नगर आयुक्त की तुलना, हंगामे के बाद नगर निगम की बैठक स्थगित मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में शनिवार को नगर निगम की बोर्ड बैठक में आधे घंटे तक जमकर हंगामा हुआ। भाजपा पार्षद ने नगर आयुक्त सौरभ सिंह गंगवार की तुलना बंदर से कर दी। महापौर ने पार्षदों को शांत करने की कोशिश की। लेकिन वे नहीं माने। नगर आयुक्त नाराज होकर सदन छोड़कर चले गए। इस वजह से बैठक स्थगित करनी पड़ी। डेढ़ घंटे देर से शुरू हुई थी बैठक चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के अटल सभागार में आज 11:30 बजे नगर निगम की बोर्ड बैठक बुलाई गई थी। सफाई कर्मचारियों के विरोध के चलते बैठक डेढ़ घंटे देर से शुरू हुई। मेयर और नगर आयुक्त समेत सभी वार्डों के पार्षद इसमें शामिल हुए। महापौर हरिकांत अहलूवालिया बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। वार्ड 44 से पहली बार पार्षद बने उत्तम सैनी ने सदन शुरू होते ही माइक अपने हाथ में ले लिया। उन्होंने जंगल में एक बंदर राजा और हिरण की कहानी सुनाते हुए, नगर आयुक्त सौरभ सिंह गंगवार की तुलना बंदर से कर दी। इतना सुनते ही भाजपा के अन्य पार्षद भी खड़े हो गए। उन्होंने नगर आयुक्त पर भ्रष्टाचार समेत अन्य आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। अखिलेश दुबे गैंग से जुड़े 3 CO, एक इंस्पेक्टर और 2 KDA कर्मी को नोटिस, सिंडीकेट में शामिल हैं कानपुर में जेल भेजे गए अधिवक्ता अखिलेश दुबे की जांच कर रही एसआईटी ने अब चार पुलिस अफसरों समेत दो केडीए के कर्मचारियों को पूछताछ के लिए नोटिस भेजा है। यह सभी कानपुर में तैनात रहे हैं। अखिलेश दुबे से इनका आर्थिक लेनदेन और उनके अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिले हैं। इन सभी के बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी। कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के मीडिया प्रभारी एडीसीपी राजेश पांडेय ने बताया- एसआईटी ने पूछताछ के लिए शुक्रवार को छह सरकारी कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है। इसमें कानपुर में तैनात रहे सीओ संतोष सिंह (वर्तमान में हरदोई में तैनात), उन्नाव से हाल ही में मैनपुरी ट्रांसफर हुए एसीपी ऋषिकांत शुक्ला, लखनऊ में तैनात एसीपी विकास पांडेय, कानपुर में तैनात इंस्पेक्टर आशीष द्विवेदी, केडीए में तैनात रहे केडीए वीसी महेंद्र कुमार सोलंकी (एमके सोलंकी) ये मौजूदा समय में बस्ती में तैनात हैं। इसके साथ ही केडीए वीसी के पीआरओ कश्यपकांत दुबे को एसआईटी ने पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है। पढ़ें पूरी खबर सीतापुर में किसान की पत्नी के सामने मौत; खाद लेने समिति गए थे, न मिलने पर लौट रहे थे सीतापुर में शनिवार को खाद न मिलने से परेशान किसान की मौत हो गई। किसान ओमप्रकाश (50) कीरतापुर थाना सकरन के रहने वाले थे। पत्नी ने बताया ओमप्रकाश करीब 7 दिनों से अपनी खेती के लिए खाद लेने पुरैनी समिति जा रहे थे। शनिवार को भी ओमप्रकाश समिति गए थे। वहां खाद न मिलने पर वह घर लौट रहे थे। रास्ते में थकान के कारण बैठ गए। पत्नी भी साथ थी। पति को उठाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। पढ़ें पूरी खबर नोएडा में 32वीं मंजिल से कूदकर युवक ने किया सुसाइड, गर्लफ्रेंड से मिलने आया था नोएडा में युवक ने 32वीं मंजिल से छलांग लगाकर सुसाइड कर लिया। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची जांच-पड़ताल कर रही है। घटना सेक्टर-126 के सुपरनोवा बिल्डिंग की है। जानकारी के मुताबिक, रवि नाम का युवक सुपरनोवा बिल्डिंग में अपनी गर्लफ्रेंड के पास रुका था। युवक दिल्ली का रहने वाला था, जो पिछले 24 घंटे से अपने घर से गायब था। परिजनों ने दिल्ली के हौजखास थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। दिल्ली पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर… खाद लेने पहुंचे किसानों पर पुलिस का लाठीचार्ज:थप्पड़ बरसाए, घूंसे मारे, महिलाओं से की धक्का-मुक्की, कई किसान घायल सिद्धार्थनगर में शनिवार को यूरिया और डीएपी के लिए सुबह से ही करीब 200 किसान लाइन में लगे थे। समिति परिसर से लेकर सड़क तक लंबी कतारें लगी थीं। तेज धूप में खड़े किसान घंटों से अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच अचानक पुलिस दल मौके पर पहुंचा और बिना कारण बताए लाइन में खड़े किसानों पर लाठियां बरसा दीं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पुलिस ने सिर्फ लाठी नहीं चलाई बल्कि थप्पड़ और घूंसे भी मारे। इस दौरान भगदड़ मच गई, कई किसान गिरकर घायल हो गए। घायलों के हाथ-पैर और सिर में चोटें आईं। पढ़ें पूरी खबर RJD नेता तेजस्वी यादव पर शाहजहांपुर में FIR; कार्टून पोस्ट कर मोदी की रैली को जुमलों की दुकान बताया था शाहजहांपुर में बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी ने सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की है। दरअसल, तेजस्वी ने सोशल मीडिया पर एक कार्टून पोस्ट किया था, जिसमें मोदी की रैली को जुमलों की दुकान बताया गया था। इस पर आपत्ति जताते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष ने शिकायत की। जिसपर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पढ़िए पूरी खबर वाराणसी में बारिश के बीच एनकाउंटर; रेलवे पटरी के किनारे भागते समय पुलिस ने बदमाश को घेरा वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र में बारिश के बीच शनिवार भोर में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। जानकारी के मुताबिक बदमाश ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। रेलवे की पटरी के किनारे से भागते समय पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर घायल बदमाश को दबोचकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। उसकी पहचान रानू के रूप में हुई है, जो लंबे समय से चेन स्नैचिंग की वारदातों में लिप्त रहा है। पुलिस को उसके पास से लूटी गई सोने की चेन भी बरामद हुई है। यह वही चेन है, जिसे रानू ने 19 अगस्त को कैट रेलवे स्टेशन के पास एक महिला से छीना था। पढ़िए पूरी खबर अलीगढ़ के मामले में एक्सईएन को अवमानना नोटिस, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा- हलफनामा दाखिल करें या हाजिर हों इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अधिशासी अभियंता शोध और योजना खंड अलीगढ़ हरिश्चंद्र को अवमानना नोटिस जारी की है। 11 सितंबर तक आदेश का अनुपालन हलफनामा दाखिल करने या हाजिर होने का निर्देश दिया है। यह आदेश न्यायमूर्ति नीरज तिवारी ने अशोक कुमार शर्मा की अवमानना याचिका की सुनवाई करते हुए दिया है। याची का कहना है कि वह सिंचाई विभाग अलीगढ़ में सर्वेयर था, जो 31 जुलाई 2024 को सेवानिवृत्त हुआ। इसके बाद सेवानिवृत्ति परिलाभों से 16.10 लाख रुपए की कटौती कर ली। पढ़िए पूरी खबर आगरा से लापता बैंक के सीनियर क्लर्क घर लौटे; पत्नी बोली- अभी मानसिक तनाव में;18 अगस्त को लेटर लिखकर हो गए थे गायब अपने अधिकारी पर बेइज्जत करने का आरोप लगाकर लापता हुए SBI के सीनियर क्लर्क सुरेंद्र पाल सिंह तीसरे दिन घर लौट आए। अब दो दिन से घर के कमरे में हैं। परिजनों से भी बात नहीं कर रहे। वे मानसिक तनाव में हैं। उनके घर लौटने की पुष्टि उनके भाई मनोज पाल सिंह ने की है। उन्होंने बताया कि 21 अगस्त की रात को सुरेंद्र घर लौट आए। तब से वे अपने कमरे में ही हैं। किसी से बात नहीं कर रहे हैं। उनसे कुछ पूछने का प्रयास भी किया लेकिन मानसिक तनाव में होने के कारण कोई जवाब नहीं दे रहे। वे कहां गए…कहां रहे…क्या किया, परिजन भी इन सब सवालों के जवाब के इंतजार में हैं। पढ़िए पूरी खबर नोएडा में निवेश के बहाने कोरियाई से ठगे 90 लाख; शेयर बजार में पैसा लगवाया , ऐप पर मुनाफा दिखाया शेयर बाजार और विभिन्न कंपनियों में निवेश कर प्रतिमाह लाखों रुपए का मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने ग्रेटर नोएडा में रेस्त्रां चलाने वाले दक्षिणी कोरिया के नागरिक के साथ 90 लाख रुपए की ठगी कर ली। पीड़ित पर जब ठग और रकम निवेश करने का दबाव बनाने लगे तब उसे ठगी की जानकारी हुई। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पढ़िए पूरी खबर