लखनऊ में अजय राय हाउस अरेस्ट:PM मोदी के वाराणसी दौरे का विरोध करने की तैयारी थी, बोले- अन्न-जल त्याग देंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे और मॉरिशस के पीएम संग होने वाली अहम द्विपक्षीय वार्ता से पहले यूपी की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को बुधवार देर रात ही लखनऊ में पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। पीजीआई थाना क्षेत्र अंतर्गत अपार्टमेंट में ही उन्हें रोककर रखा गया है। उन्हें प्रदेश कार्यालय नहीं जाने दिया गया। पुलिस का कहना है कि अजय राय यहां से अभी नहीं जा सकते हैं। पीएम मोदी के काशी दौरे को लेकर अजय राय ने पहले ही विरोध का ऐलान किया था। हाउस अरेस्ट पर अजय राय ने कहा कि अन्न-जल त्याग देंगे, लेकिन विरोध करते रहेंगे। राहुल गांधी का रास्ता रोकने वाले यूपी सरकार के मंत्री के खिलाफ जब तक कार्रवाई नहीं होगी, तब तक विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा। पूरे काशी में वोट चोर का नारा है। अजय बोले- काशी की हर गली में एक ही नारा है हाउस अरेस्ट के बाद अजय राय ने दैनिक भास्कर से बात की। उन्होंने कहा- अब काशी के अंदर गली-गली में चर्चा हो गई है। हर गली, हर मोहल्ले, हर इलाके में एक ही नारा है- वोट चोर गद्दी छोड़। जनता जान गई है कि जहां हम जीतते थे वहां मोदी कैसे जीतने लगे। मोदी वोट चोरी करके चुनाव जीते हैं। काशी की जनता ने हम लोगों को प्यार-सम्मान दिया और मोदी जीत गए। मुझे पुलिस ने रोक लिया है। यहां से बाहर नहीं जाने दे रहे हैं। हम लोगों ने कार्यालय जाने का प्रयास किया था। वहां भी नहीं जाने दिया और अगर नहीं जाने देंगे तो यहीं अन्न-जल त्यागकर अमरण अनशन पर बैठ जाऊंगा। सोशल मीडिया पर हाउस अरेस्ट पर प्रतिक्रिया दी हाउस अरेस्ट किए जाने के बाद अजय राय ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट लिखते हुए कहा- “पुलिस भेजकर हमें रोकना, कार्यकर्ताओं की आवाज दबाना, ये लड़ाई को रोक नहीं पाएगा। ये वोट चोरों को बचा नहीं पाएगा।” उन्होंने आगे लिखा, “कांग्रेस का हर बब्बर शेर कार्यकर्ता गली-गली, गांव-गांव से विरोध करेगा और आवाज देगा मोदी, वोट चोरी बंद करो।” वाराणसी में बढ़ी सियासी सरगर्मी पीएम मोदी का आज वाराणसी दौरा है, जहां वे कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान मॉरिशस के प्रधानमंत्री संग अहम द्विपक्षीय वार्ता भी प्रस्तावित है। दूसरी ओर, कांग्रेस ने इसे सियासी मुद्दा बना लिया है और अजय राय के हाउस अरेस्ट के बाद पूरे प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं के विरोध की आशंका जताई जा रही है।