बरेली में जिस नर्स के साथ में अस्पताल संचालक डॉक्टर श्रीपाल ने हैवानियत की थी, उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने रात में ही उसका पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। वारदात में इस्तेमाल हथियार और बाकी सामान भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। अब पूरा मामला विस्तार से पढ़िए… डॉ. श्रीपाल, जो बरेली के बीसलपुर चौराहा पर श्री अनन्तरूप हॉस्पिटल का संचालक है। वो अपने अस्पताल में काम करने वाली नर्स के साथ लिव इन में रहता था। नर्स बदायूं की रहने वाली थी। शुरुआत में डॉक्टर ने शादी का वादा कर नर्स को किराए के मकान पर रखा और लगातार शारीरिक शोषण किया। जब नर्स ने कोर्ट मैरिज का दबाव बनाया, तो डॉक्टर ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बना ली। वारदात वाली रात की सिलसिलेवार घटनाक्रम पढ़िए 16 सितंबर की शाम नर्स ने डॉक्टर से पेट दर्द की शिकायत की। डॉक्टर उसे कार में बैठाकर डोहरा रोड स्थित अजन्ता स्वीट्स की दुकान पर ले गया। वहां उसने नर्स को बर्गर और ढोकला खिलाया। इसी दौरान कार में ही उसे दो नशे के इंजेक्शन लगा दिए। बेहोश होते ही आरोपी ने उसे इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी के पास सुनसान जगह पर ले जाकर लोहे की रॉड से सिर पर वार किया। फिर पहचान मिटाने के लिए चेहरे पर तेजाब डाल दिया। इसके बाद उसे मर समझकर कपड़े उतारकर उसे सड़क किनारे फेंक दिया और घर लौट गया। हाईवे किनारे घायल हालत में तड़पती मिली नर्स रात में हाईवे किनारे पुलिस को गंभीर हालत में दर्द से तड़पती नर्स दिखाई दी। पुलिस ने उसे पहले बिथरी चैनपुर के सीएचसी ले गई। फिर जिला अस्पताल रेफर किया। यहां हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वारदात के चौथे दिन 20 सितंबर की रात को उसकी मौत हो गई। आरोपी ने अपना गुनाह कबूल किया वारदात की जानकारी मिलने के बाद थाना बिथरी चैनपुर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। 17 सितंबर को पुलिस ने डॉक्टर श्रीपाल को गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल के पास से पीड़िता के कपड़े- फिरोजी रंग का सूट, प्लाजो, दुपट्टा, लेडीज इनर वियर, गुलाबी रंग की चप्पल, वारदात में इस्तेमाल हुआ लोहे का रॉड, तेजाब की दो बोतलें (एक भरी और एक खाली) और मेडिकल ग्लब्स बरामद हुए। पुलिस ने डॉक्टर को तो 17 सितंबर को ही हिरासत में ले लिया था। लेकिन वो बार-बार बीमारी का बहाना बना रहा था। इसलिए उसे अस्पताल में एडमिट कराया गया था। फिलहाल पुलिस 20 सितंबर की गिरफ्तारी दिखा रही है। आरोपी ने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल किया। आरोपी डॉक्टर का कबूलनामा पूछताछ में डॉ. श्रीपाल ने बताया- मैं नर्स के साथ लंबे समय से रिश्ते में था। परिवार से अलग कराने के लिए उसने स्टाम्प पेपर पर लिखवाकर उसकी नोटरी भी कराई थी। मैंने किराए के कमरे में उससे शादी भी की थी। लेकिन जब नर्स ने कोर्ट मैरिज का दबाव बनाया, तो मैं डर गया था। परिवार और समाज में बदनामी के डर से मैंने उसकी हत्या की योजना बनाई और 16 सितंबर को वारदात को अंजाम दे दिया। परिवार ने भी नहीं दिया साथ जब पीड़िता को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया था, पुलिस ने उसके पिता को बुलाने के लिए फोन किया। लेकिन पिता ने पुलिस से आने से मना कर दिया और कहा कि बेटी अपनी मर्जी से किसी के साथ रह रही थी, इसलिए परिवार उससे नाराज है। 20 सितंबर की देर रात को जब बेटी के मरने की खबर पुलिस ने बदायूं में परिवार को दी। तब परिजन बदायूं से आकर बेटी के शव को ले गए। डॉक्टर पर हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी थाना बिथरी चैनपुर पुलिस ने डॉक्टर श्रीपाल के खिलाफ नर्स पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। अब मुकदमे में हत्या की धारा और बढ़ाई जाएगी। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। तेजाब से हुए हमले में युवती की जान गईं एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा- यह बेहद संवेदनशील मामला है। आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वारदात में इस्तेमाल सभी सामान बरामद हो चुका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ चुकी है। जिसमें स्पष्ट है कि नर्स की मौत सिर पर गहरे वार और तेजाब से हुए जख्मों की वजह से हुई। पुलिस की टीमें पूरे केस की चार्जशीट जल्द कोर्ट में दाखिल करेंगी। घटना की टाइमलाइन —————– ये खबर भी पढ़ें… यूपी की PCS अफसर बोलीं-मिलना हो तो पोस्ट शेयर करो, फिर साथ में फोटो पोस्ट करूंगी, स्वाति गुप्ता ने किया फेसबुक लाइव लखनऊ में PCS अफसर स्वाति गुप्ता रविवार सुबह फेसबुक पर लाइव आईं। उन्होंने कहा- जो मुझसे मिलता है, उसके पोस्ट फेसबुक और इंस्टाग्राम पर शेयर करती हूं। जिसको मुझसे मिलना है, वो 30 दिन तक पोस्ट शेयर करे। उसके फोटो के साथ पोस्ट करूंगी। पढ़िए पूरी खबर