पिता के सामने खेलते-खेलते कुएं में गिरा बच्चा:आगरा में 8 घंटे से रेस्क्यू, 40 कर्मचारी लगे; पंप से निकाला जा रहा पानी

आगरा में 6 साल का बच्चा पिता के सामने खेलते-खेलते 40 फीट गहरे कुएं में गिर गया। गांव के गोताखोर कुएं में उतरे, लेकिन पानी ज्यादा होने के कारण बच्चे को तलाश नहीं पाए। इसके बाद सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। 8 घंटे से रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। 2 पंप लगाकर कुएं से पानी निकाला जा रहा था। अब तीसरा पंप भी लगाया गया है। पुलिस और फायर ब्रिगेड के 40 से ज्यादा कर्मचारी बचाव कार्य में लगे हैं, लेकिन अब तक बच्चे का कुछ पता नहीं चल पाया है। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे किरावली क्षेत्र के वाकंदा खास गांव में हुई। 2 तस्वीरें देखिए… विस्तार से पढ़िए पूरी घटना पिता बचाने दौड़ा, तब तक बेटा गिर गया
किरावली तहसील के वाकंदा खास गांव निवासी रामगोपाल खेत में आलू बो रहे थे। उनके साथ उनका 6 वर्षीय बेटा रिहांश भी था। वह खेलते-खेलते खेत के किनारे बने कुएं के पास पहुंच गया। उन्होंने आवाज देकर बच्चे को रोका। मगर वह नहीं रुका। ये देखकर पिता उसे पकड़ने के लिए दौड़े। इसी बीच वह कुएं में गिर गया। सूचना मिलते ही पुलिस- प्रशासन की टीम फायर बिग्रेड के साथ मौके पर पहुंची। बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पहले गांव के ही गोताखोर युवक कुएं में उतरे, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। कुएं में पानी ज्यादा होने के कारण वे बच्चे को नहीं तलाश पाए। कुएं में उतरी हुई है रेस्क्यू टीम
कुएं के पानी को निकालने के लिए 3 पंप लगाए गए हैं। 5 घंटे बाद भी अब तक बच्चे का कुछ पता नहीं चला है। अब पंपों से पानी निकाला जा रहा है। रेस्क्यू टीम कुएं की गहराई का पता लगा रही है। कुएं में उतरने के लिए सीढ़ी और रस्सियों को लगाया गया है। रेस्क्यू टीम सीढ़ियों के जरिए कुएं में उतरी हुई है। पुलिस ने सुरक्षा को देखते हुए एरिया को रस्सियों से घेरकर बेरिकेडिंग कर दी है, ताकि बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए। किरावली तहसीलदार दीपांकर ने बताया कि बच्चा गिरने की सूचना मिली थी। मौके पर तत्काल नायब तहसीलदार राजपाल को मय राजस्व टीम के साथ भेजा। नगर निगम के सफाई कर्मियों को ऑपरेशन में लगाया गया। रेस्क्यू जारी है। बच्चे की तलाश की जा रही है। ………………………………. ये खबर भी पढ़िए- सुल्तानपुर में नर्स से डॉक्टर बोला- तुम्हारा प्यार चाहिए:चारबाग वाली नहीं चलेगी, कोई लड़की लेते आना, पैसा दे देंगे; AUDIO सुनिए सुल्तानपुर के सीनियर डॉक्टर अनिल कुमार का एक ऑडियो सामने आया है। वे एक महिला स्वास्थ्यकर्मी (नर्स) से आपत्तिजनक बातें कर रहे हैं। उसे दोस्ती का प्रस्ताव दे रहे हैं। कहते हैं- मुझे तुम्हारा प्यार चाहिए। तुम्हारी पूरी केयर करेंगे। किसी को पता नहीं चलेगा। पढ़ें पूरी खबर