जिसे STF ने ढेर किया…उसके जनाजे में 4000 लोग पहुंचे:सुल्तानपुर लाश पहुंचते ही चीखने-चिल्लाने लगीं महिलाएं

सुल्तानपुर में एक लाख के इनामी बदमाश सिराज अहमद के जनाजे में 4 हजार लोगों के भीड़ उमड़ी। पुलिस ने एक दिन पहले सिराज को एनकाउंटर में मार गिराया था। सोमवार को शव उसके गांव लोलेपुर पहुंचा। शव पहुंचते ही लोगों के भीड़ जुट गई। महिलाएं और बच्चे शव को देखकर रोने-चिल्लाने लगे। मौके पर मौजूद रिश्तेदारों ने ढांढस बंधाया। ढाई साल पहले सिराज के जिस घर पर बुलडोजर चला था, आज वहीं से शव उठाया गया। सिराज के जनाजे के साथ करीब 4000 लोग चले। शाम 6 गांव के ही कब्रिस्तान में शव को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान कोतवाली नगर, कोतवाली देहात, लंभुआ कोतवाली समेत कई थानों की फोर्स और सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। 4 तस्वीरें देखिए… अब पढ़िए पूरा मामला रविवार सुबह 5 बजे सहारनपुर के गंगोह में एसटीएफ और एक लाख के इनामी बदमाश सिराज अहमद के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने सिराज को रोकने का प्रयास किया। इस पर सिराज पुलिस पर गोली चलाते हुए भागने लगा। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। गोली लगते ही सिराज घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दरअसल, 6 अगस्त, 2023 की शाम सुल्तानपुर दीवानी न्यायालय में प्रैक्टिस करने वाले वकील आजाद अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी सिराज अहमद सामने आया था। घटना के बाद से वह फरार हो गया और लगातार ठिकाने बदल रहा था। इसके बाद पुलिस ने सिराज अहमद पर 1 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए यूपी STF को लगाया गया था। कई जिलों में लगातार दबिश के बावजूद सिराज पुलिस की पकड़ में नहीं आ रहा था। एनकाउंटर के बाद वकील के परिवार ने बांटी थी मिठाई
रविवार सुबह 5 बजे यूपी एसटीएफ ने सिराज को मार दिया। इस खबर के सामने आते ही सुल्तानपुर में वकील आजाद अहमद के परिवार ने मिठाई बांटकर खुशी जताई। वकील आजाद की मां ने कहा- बेटा तो लौटकर नहीं आएगा, लेकिन खुशी है कि अपराधी मारा गया। मुझे प्रशासन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भरोसा था। योगी सरकार में यह कार्रवाई होगी, ऐसा विश्वास पहले से था। सिराज सुल्तानपुर का रहने वाला था। उस पर हत्या, लूट, डकैती समेत 30 मुकदमे दर्ज थे। 2023 में वकील आजाद की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उस समय वकील के भाई मुनव्वर भी घायल हुए थे। इस मामले में कोर्ट ने सिराज के खिलाफ वारंट जारी किया था। पुलिस ने उस पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। इससे पहले, सिराज के घर पर बुलडोजर चलाया गया था और उसकी करोड़ों की संपत्ति जब्त की गई थी। ————————– ये खबर भी पढ़ें… आग में लिपटा बच्चा 100 मीटर तक भागा, अलीगढ़ में खेलते-खेलते अलाव में डाली पेट्रोल की बोतल यूपी के अलीगढ़ में रविवार रात एक बच्चा आग की लपटों में घिरा हुआ गली में 100 मीटर तक भागता रहा। उसकी चीख सुनकर आसपास के लाग दौड़े। लोगों ने पहले उसके कपड़े फाड़कर फेंक दिए। फिर अपने कपड़ों से उसकी आग बुझाई। बच्चा दर्द से कराहता रहा। पढ़ें पूरी खबर…