शाहजहांपुर पुलिस द्वारा एक महीने से तलाश किए जा रहे 25 हजार रुपये के इनामी अक्षय कदम ने महाराष्ट्र में शादी कर रहा है। उसकी शादी के कार्ड और मैरिज लॉन की सजावट के वीडियो सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। करीब एक महीने पहले, 19 दिसंबर की रात तिलहर थाना क्षेत्र के नगरिया मोड़ स्थित भाजपा नेता दिवाकर सिंह के ‘ब्रदर्स इन होटल’ पर यह घटना हुई थी। शहर के रहने वाले अक्षय कदम और योगेश कदम ने अन्य साथियों के साथ मिलकर होटल में मारपीट, तोड़फोड़ की थी। उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ भी गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की थी और गार्ड को कार में डालने की कोशिश की थी। इस घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस और भाजपा नेता के भाई ने अलग-अलग दो एफआईआर दर्ज कराई थीं। पुलिस ने घटना के तीसरे दिन आरोपी योगेश कदम और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, मुख्य आरोपी अक्षय कदम समेत तीन अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। अक्षय कदम की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने दावा किया था कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। लेकिन, एक महीना बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली रहे। गुरुवार को मुंबई के बताए जा रहे दो वीडियो सामने आए, जिनमें अक्षय कदम की शादी की तैयारियां दिख रही हैं। इन वीडियो में शादी के कार्ड पर अक्षय का नाम लिखा है और मैरिज लॉन के अंदर अक्षय व उसकी होने वाली दुल्हन के फोटो भी लगे हैं। 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश की शादी के वीडियो वायरल होने से पुलिस की सुस्त कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। सूत्रो की माने तो पुलिस की एक टीम मुम्बई के लिए रवाना हो गई है। सीओ तिलहर ज्योति यादव ने बताया कि बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बता दें कि 19 दिसंबर की रात होटल पर एक कार आकर रूकी थी ।ड्राइवर ने कार बैक की तो कुर्सी टूट गई थी। गार्ड ने मौके पर जाकर उनको टोका तो कार सवार सभी गाली-गलौज करने लगे थे। तब गार्ड ने टूटी हुई कुर्सी का वीडियो बनाना शुरू किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट और कार में डालकर ले जाने की कोशिश की थी। उसके बाद आरोपियों ने जमकर तांडव किया था।