पत्नी को कैंसर, कारोबारी ने 5 लाख में हत्या करवाई:हापुड़ में कर्मचारियों ने मुंह दबाकर चाकू से गला रेता, ‘साड़ी के पैसे’ कोडवर्ड दिया था

हापुड़ में एक कारोबारी ने 40 साल की पत्नी की 5 लाख में हत्या करवा दी। पत्नी को कैंसर था। कारोबारी इलाज नहीं करा रहा था। इसलिए घर में अक्सर विवाद होते थे। छुटकारा पाने के लिए कारोबारी ने अपने 2 कर्मचारियों को मर्डर के लिए तैयार किया। दोनों पर 60-60 हजार की देनदारी थी। उसे माफ कर दिया। हत्या के बदले 5 लाख रुपए देने का वादा भी किया। कारोबारी ने कर्मचारियों को एक कोड वर्ड- ‘साड़ी के पैसे’ दिया था, ताकि किसी को उन पर शक न हो। मौका पाकर उसने घर बुला लिया। घर में घुसने के बाद कारोबारी ने कर्मचारियों के साथ मिलकर महिला पर हमला किया। कंबल से मुंह दबाकर गर्दन रेत दी। हत्याकांड को लूटपाट दिखाने के लिए घर का सामान बिखेर दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी चले गए। कारोबारी ने खुद ही पुलिस को सूचना देकर बुलाया। पूरा मामला थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के मोहम्मदपुर-रुस्तमपुर का है। अब समझिए पूरा मामला मोहम्मदपुर-रुस्तमपुर गांव निवासी राहुल शर्मा दो दुकानें चलाते हैं। एक दुकान हापुड़ और दूसरी दुकान बिजनौर में है। उनका प्लास्टिक का कारोबार है। उनकी पत्नी रीता को कैंसर था। जिनका लंबे समय से इलाज चल रहा था। ASP विनीत भटनागर ने बताया- राहुल की शादी बीबीनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली रीता के साथ 2009 में हुई थी। दोनों का 18 साल का एक बेटा भी है। वह अपने ननिहाल मेरठ में रहता है। राहुल का पत्नी रीता और मां से झगड़ा होता था। इलाज में खर्च हो रहे पैसों को लेकर भी दोनों में विवाद होता रहता था। राहुल पत्नी से छुटकारा पाना चाहता था। वह बेहद शातिर दिमाग का है। हत्याकांड के लिए उसने अपने दो कर्मचारियों शेरा और फिरोज को 5 लाख की सुपारी दी। तीनों ने बातचीत के लिए ‘साड़ी के पैसे’ कोड वर्ड का इस्तेमाल किया। राहुल ने वारदात के लिए दो फरवरी का दिन चुना। उसने कर्मचारियों को कॉल कर कहा- साड़ी के पैसे लेने घर आ जाओ। आरोपी शेर अली उर्फ शेरा और फिरोज दो फरवरी की रात करीब साढ़े 8 बजे राहुल के घर पहुंचे। फिर तीनों ने मिलकर कमरे में लेटी पत्नी रीता का मुंह कंबल से दबाया। इसके बाद शेरा और फिरोज ने दो चाकू से उसके गले पर ताबड़तोड़ कई वारकर हत्या कर दी। हत्याकांड को लूट दिखाने के लिए घर का सारा सामान इधर-उधर फेंक दिया गया। वारदात के वक्त कारोबारी की मां घर में ही थीं, लेकिन उन्हें भनक तक नहीं लगी। हत्या के बाद शादी में गया, फोटो खिंचवाई
वारदात के बाद राहुल रात को ही घर से 20 किमी दूर नानई गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने चला गया। उसने वहां फोटो भी खिंचवाई। इसके बाद अपनी बाइक से दूसरी दुकान चांदपुर (बिजनौर) में जाकर सो गया। वहां से सुबह 4 बजे घर के लिए निकला और घर आकर घर में लूटपाट और पत्नी रीता की हत्या होने का शोर मचा दिया। डॉग स्क्वायड दोनों हत्यारोपियों की गली में घूमा
हत्याकांड की सूचना पर कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने डॉग स्क्वायड लगाए, जो घर के अलावा शेरा और फिरोज के घर के पास भी घूमते रहे। इसके बाद पुलिस ने पति से पूछताछ की। पति खुद के शादी समारोह में जाने की बात बताने लगा। पुलिस ने उसकी कॉल की सीडीआर निकलवाई। जिससे हत्याकांड के क्लू मिले और कोर्ड वर्ड का खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक, राहुल शर्मा ने शेरा और फिरोज को 60-60 हजार रुपए उधार दे रखे थे। हत्याकांड में सुपारी की रकम के अलावा ये पैसे भी माफ करने की बात कही थी। पुलिस ने बीती रात राहुल शर्मा को उसके घर से उठाया। पहले तो उसने पुलिस को अपनी बातों में उलझाया। उसके बाद सख्ती से पूछताछ की। दोनों साथियों से हुई बातचीत में इस्तेमाल कोड वर्ड के बारे में पूछा, जिससे राहुल टूट गया। इसके बाद फिरोज और शेरा को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के पास हत्या में इस्तेमाल दो चाकू बरामद हुए हैं। SSP विनीत भटनागर ने बताया- हत्याकांड को 4 दिन में सुलझा लिया गया है। पति ही पत्नी की हत्या का मेन आरोपी निकला। उसने दो कर्मचारियों को 5 लाख की सुपारी देकर अपने साथ मिलाया था। तीनों को जेल भेज दिया गया है। ————- ये खबर भी पढ़ें संभल में अफसरों ने कैसे पकड़ी 33 करोड़ की ज्वेलरी:20 GST कर्मचारी कस्टमर-चौकीदार बने, स्टॉक बढ़ाते ही मारा छापा संभल में GST अफसरों ने छापा मारकर 33 करोड़ का बेहिसाब सोना-चांदी और डायमंड जब्त किया है। GST अफसरों को इतनी बड़ी सफलता कैसे मिली, इसकी चौंकाने वाली कहानी सामने आई है। पूरी खबर पढ़ें