यूपी में बेमौसम बारिश का दौर जारी है। सोमवार को 18 जिलों में बारिश और ओले गिरने का अलर्ट है। इटावा में सर्वाधिक 30 मिमी बारिश दर्ज की गई। जबकि बहराइच सबसे गर्म रहा। यहां 38.2°C रिकॉर्ड दर्ज किया गया। वहीं पिछले 4 दिन में आंधी-बारिश और बिजली गिरने से 15 लोगों की मौत हो गई। रविवार को मथुरा, संभल, जालौन, फर्रुखाबाद और हाथरस में ओले गिरे। सड़क और खेतों में बर्फ की चादर बिछ गई। इससे गेहूं और सरसों की फसल को नुकसान हुआ। शनिवार की बात करें तो 15 जिलों में बारिश हुई। जालौन-कानपुर समेत 5 जिलों में ओले गिरे। कानपुर में आंधी से 200 से ज्यादा पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए। चलते ऑटो पर बरगद का पेड़ गिर पड़ा। ड्राइवर और 60 साल की महिला की मौत हो गई। सीतापुर में बिजली गिरने से घर में आग लग गई। मां-बेटी की जिंदा जलकर मौत हो गई। सिद्धार्थनगर में बारिश और आंधी के बीच बोलेरो नहर में जा गिरी। महिला और 5 महीने के मासूम की मौत हो गई, जबकि 7 घायल हो गए। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया- पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम बदल गया है। आज और कल ज्यादातर जगहों पर मौसम साफ रहने की संभावना है। 7 अप्रैल से फिर से मौसम बदलेगा। आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। 9 अप्रैल तक मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है। आंधी-बारिश से किन जिलों में कितनी मौतें, जानिए आंधी-बारिश और बिजली से कानपुर में 4 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा सीतापुर में 3, वाराणसी, चित्रकूट, सिद्धार्थनगर और ललितपुर में 2-2 लोगों की जान गई। मौसम की तस्वीरें देखिए- योगी बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अफसर अलर्ट पर रहें सीएम योगी ने कहा है कि बारिश से किसानों को जो नुकसान हो रहा है, उसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों से नुकसान की रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा- सभी अधिकारी अलर्ट मोड पर रहें। सुनिश्चित करें कि आपदा का असर किसानों पर कम से कम पड़े। अगर कहीं जान-माल या पशुओं का नुकसान हुआ है, या कोई घायल हुआ है, तो 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिलाया जाए।