यूपी में गर्मी लोगों को सता रही है। चिलचिलाती धूप से लोग परेशान हैं। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, इस सीजन में पूर्वांचल में लू (हीटवेव) ज्यादा दिनों तक परेशान करने वाली है। हालांकि, हर सीजन में तपने वाले बुंदेलखंड के लोगों को थोड़ी राहत मिलने वाली है। संभावना है कि यहां गर्मी कुछ कम पड़ सकती है। एक्सपर्ट का कहना है कि यूपी में मानसून समय पर आ सकता है, लेकिन जुलाई में ही इसके कमजोर पड़ने की आशंका है। इससे बारिश कम होने के आसार हैं। यह किसानों के लिए अच्छी खबर नहीं है। यूपी में गर्मी कैसी पड़ेगी? मानसून की बारिश कैसी होगी? ये जानने के लिए दैनिक भास्कर ने लखनऊ के आंचलिक मौसम केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह से बात की। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… सवाल. अप्रैल के आखिरी 15 दिनों में कितनी गर्मी पड़ेगी? जवाब. महीने के शुरुआती दिनों में बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को राहत दी थी। अब धूप तीखी होने लगी है। 15 से 21 अप्रैल तक तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके बाद 2-3 दिन तापमान यहीं थम जाएगा। हीटवेव (लू) नहीं चलेगी। इसके बाद धीरे-धीरे तापमान बढ़ेगा। सवाल. क्या मई और जून में गर्मी ज्यादा पड़ेगी? जवाब. जी, ये कुछ हद तक सही है। 2025 की तुलना में इस बार मई और जून में ज्यादा गर्मी पड़ने की आशंका है। पूर्वांचल के 25 से 28 जिलों में दिन में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार ही रहने वाला है। जून में गर्मी अपने चरम पर होगी। तापमान औसतन 42 से 44°C रहने का अनुमान है। 45°C के आसपास पहुंचने पर गंभीर हीटवेव जैसे हालात बन सकते हैं, राते भी गर्म रहने वाली हैं। 2025 में भीषण गर्मी पड़ी थी। पारा 46.2 डिग्री तक गया था। यह तापमान 17 मई को बदायूं में रिकॉर्ड किया गया था। इसके अलावा, 25 से ज्यादा जिलों का तापमान 45 डिग्री के पार गया था। सवाल. इस बार गर्मी में लू कितने दिन चलेगी? जवाब. देखिए…हीटवेव की 3 कैटेगरी होती हैं- सामान्य हीटवेव- 3-4 दिन तेज हीटवेव- 5-7 दिन गंभीर हीटवेव- 7-10 दिन या उससे ज्यादा। इस बार यूपी के पूर्वांचल, गंगा के तराई क्षेत्र जैसे- प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया और मध्य यूपी के जिले जैसे कन्नौज, कानपुर, उन्नाव, फतेहपुर में हीटवेव 10 दिन से ज्यादा चल सकती है। हालांकि, इस सीजन में बुंदेलखंड में थोड़ी राहत रहने की संभावना है। यहां पर 5-7 दिन ही लू चल सकती है। वहीं, पश्चिम यूपी में सामान्य हीटवेव यानी 3-4 दिन ही लू चल सकती है। सवाल. मानसून यूपी में कब तक एंट्री कर सकता है? जवाब. अल-नीनो एक्टिव है। इसकी वजह से प्रशांत महासागर से उठने वाली गर्म हवाएं दक्षिण अमेरिका की तरफ शिफ्ट होने की आशंका है। सामान्य स्थिति में ये आस्ट्रेलिया, इंडोनिशा की तरफ बनी रहती है। अब इन हवाओं के शिफ्ट होने का असर यूपी पर पड़ेगा। 20-25 जून के बीच मानसून पूर्वी यूपी में पहले और फिर पश्चिमी हिस्सों में कुछ दिन बाद एंट्री करता है। इस सीजन में भी ऐसा ही होने वाला है। मई और जून में प्री-मानसून बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। लेकिन, जुलाई में मानसून कमजोर पड़ने की आशंका है। अल-नीनो और ला-नीना के बारे में जानिए सवाल. बारिश कितनी कम होने के आसार हैं? जवाब. साल 2025 में यूपी में मानसून की बारिश का बैलेंस नहीं दिखा था, क्योंकि पश्चिम यूपी में 12% ज्यादा बारिश हुई थी, जबकि पूर्वांचल 17% कम बारिश हुई थी। पूरे यूपी में देखा जाए तो करीब 6% कम बारिश रिकॉर्ड हुई थी। इस सीजन 6 से 8% तक कम बारिश होने के आसार हैं। सवाल. कमजोर मानसून का खेती-किसानी पर क्या असर होगा? जवाब. अप्रैल में बेमौसम बारिश की वजह से पहले ही किसानों की गेहूं और सरसों की फसल को नुकसान पहुंचा है। अब मानसून कमजोर होने का सबसे ज्यादा असर धान की फसल पर पड़ेगा। मानसून कमजोर हुआ तो रोपाई लेट होगी। दूसरी खरीफ की फसलें भी प्रभावित हो सकती हैं। इनमें मक्का, दालें और तिलहन शामिल हैं। किसान को ट्यूबवेल और डीजल पंप पर निर्भर होना पड़ सकता है। आशंका है कि पानी की कमी होने से पशुओं के चारे की दिक्कत भी हो सकती है। अब 4 शहरों से 15 अप्रैल के मौसम की तस्वीरें- ————————— ये खबर भी पढ़ें – यूपी में भीषण गर्मी, पारा 42°C पार, धूप-गर्म हवाओं से बढ़ा तापमान; मौसम विभाग बोला- पिछले साल का रिकॉर्ड टूटेगा यूपी में अब गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। बुधवार सुबह से तेज धूप निकली है। गर्म हवाएं चल रही हैं। इससे पारा में 4-5°C का उछाल आया है। बांदा-झांसी समेत 5 जिलों का तापमान सीजन में पहली बार 40°C के पार पहुंच गया है। रात में भी उमस का एहसास हो रहा। मौसम विभाग का कहना है कि गर्म पछुआ हवाओं के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही। पढ़िए पूरी खबर…