बेटी की शादी कराके लौट रहे मां-बाप-भाई की मौत:दो ड्राइवर, पालतू कुत्ते की भी जान गई; मऊ में ट्रेलर से टकराई स्कॉर्पियो

यूपी के मऊ में शनिवार तड़के भीषण सड़क हादसे में मां-बाप-भाई समेत 5 लोगों की मौत हो गई। परिवार रांची में बेटी की शादी कराके स्कॉपियो से गोरखपुर लौट रहा था। तड़के 3 बजे हाईवे पर अचानक स्कॉर्पियो बेकाबू हो गई। डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में चली गई। सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे के बाद बुरी तरह पिचकी स्कार्पियो में परिवार फंस गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने जैसे-तैसे सभी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी। हादसा दोहरीघाट थाने में हुआ। शुरुआती वजह ड्राइवर को झपकी मानी जा रही है। पुलिस के मुताबिक, हादसे में विनय श्रीवास्तव (53), उनकी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव (48) और बेटे कृतार्थ (27) की मौत हो गई। परिवार गोरखपुर के रानीडीहा थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। वहीं, दोनों ड्राइवर नीतीश कुमार (20) और पुरुषोत्तम कुमार (28) बिहार के गया के रहने वाले थे। विनय श्रीवास्तव के परिवार में अब सिर्फ बेटी मिमांसा है, जिसकी 20 अप्रैल को शादी हुई थी। बाकी, पूरा परिवार हादसे में खत्म हो गया। हादसे की तस्वीरें देखिए- शादी के बाद लौट रहा था परिवार
गोरखपुर के अशोक नगर, खोराबार गांव के रहने वाले विनय श्रीवास्तव प्राइवेट टीचर थे। उनकी बेटी मिमांसा की शादी रांची में सुधांशु शेखर तिवारी से तय हुई थी। 20 अप्रैल को शादी हुई। शादी संपन्न होने के बाद परिवार किराए पर स्कॉर्पियो लेकर 24 अप्रैल को रांची से 558 किमी दूर गोरखपुर के लिए रवाना हुआ। दूरी ज्यादा थी, इसलिए स्कॉर्पियो में दो ड्राइवर भी थे। परिवार करीब 400 किमी की दूरी तय करके कुसुम्हा बशारतपुर के पास तक पहुंच चुका था। गाड़ी ड्राइवर पुरुषोत्तम चला रहा था। बगल की सीट पर विनय श्रीवास्तव बैठे थे। बीच की सीट पर मां, बेटा और पालतू कुत्ता था। जबकि पीछे की सीट पर ड्राइवर नीतीश आराम कर रहा था। 90 से 100 की स्पीड में थी गाड़ी
पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त गाड़ी की स्पीड 90 से 100 किमी के बीच थी। ड्राइवर पुरुषोत्तम को झपकी आई और स्कार्पियो डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरे लेन में पहुंच गई। उधर, तेज रफ्तार ट्रेलर था। ट्रेलर की चपेट में स्कार्पियो आ गई। टक्कर के बाद ट्रेलर कई मीटर तक स्कार्पियो को घसीट ले गया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। गैस कटर से गाड़ी काटकर निकाले शव
हाईवे पर हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि कई किलोमीटर तक उसकी आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के गांव वाले मौके पर पहुंचे। हादसे की सूचना पुलिस को दी। थाना प्रभारी संजय कुमार त्रिपाठी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक स्कॉर्पियो में सवार सभी पांच की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन शव इस कदर फंसे हुए थे कि बाहर नहीं निकाल पाए। फिर गैस कटर और ट्रैक्टर मंगाया गया। गैस कटर से गाड़ी को काटा गया। ट्रैक्टर से ट्रेलर से चिपक गई स्कॉर्पियो को खींचकर अलग किया। तब जाकर शवों को बाहर निकाला जा सका। शवों बुरी तरह से क्षत-विक्षत हो गए थे। किसी का हाथ कुचल गया था तो किसी क सिर पहचान में नहीं आ रहा था। पुलिस ने परिवार को सूचना दे दी है। बिहार में भी हुआ था एक्सीडेंट, कल होगा अंतिम संस्कार रांची से लौटते समय बिहार के गया में भी कार का एक्सीडेंट हुआ था। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार को स्थानीय थाने में खड़ा करा दिया गया। विनय श्रीवास्वत ने गया से एक स्कॉर्पियो बुक की थी। उसी से परिवार के साथ आ रहे थे। बताया गया शाम को पहले परिवार के पालतू डॉगी का शव गोरखपुर पहुंचा। इसके बाद रात करीब 9:40 बजे विनय, अर्चना और उनके बेटे के शव भी घर लाए गए। रविवार सुबह अंतिम संस्कार किया जाएगा। विनय श्रीवास्तव एक निजी स्कूल में पढ़ाते थे। बेटी नोएडा में नौकरी करती है। बेटा पढ़ता था। हादसे की खबर सुनकर बेटी और दामाद देर शाम गोरखपुर पहुंचे। ——————————- भास्कर सर्वे से जुड़ी हुई ये खबरें भी पढ़ें- ​​​​​​​यूपी के लोग बोले-341 विधायकों को दोबारा टिकट न दें 25 मार्च को यूपी के विधायकों के 3 साल पूरे हो रहे हैं। इसको लेकर दैनिक भास्कर ने विधायकों का सर्वे किया। 16 से 20 मार्च तक चले इस सर्वे में लोगों से 4 तरह के सवाल पूछे गए। इनके जवाब में लोगों ने राय दी कि 403 में से 84 फीसदी विधायकों को दोबारा टिकट नहीं देना चाहिए। पढ़ें पूरी खबर यूपी-403 में से 256 सीटों पर भाजपा पहली पसंद यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दैनिक भास्कर एप के सबसे बड़े सर्वे में फेरबदल के संकेत मिल रहे हैं। यूपी की 403 सीटों में 256 पर भाजपा पहली पसंद बनी। 135 सीटों पर सपा मजबूत दिख रही है। पढ़ें पूरी खबर