लखनऊ एयरपोर्ट के रनवे पर गुरुवार सुबह फ्लाइट के सामने अचानक बंदर आ गया। पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए। फ्लाइट 135 यात्रियों के साथ रायपुर के लिए उड़ान भरने वाली थी। तुरंत ही फ्लाइट को टैक्सी-वे पर लाया गया। प्रोटोकॉल और जरूरी जांच के बाद फ्लाइट को सवा घंटे बाद रवाना किया गया। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, घटना सुबह 8.55 बजे इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान (6E-6521) के साथ हुई। फ्लाइट उड़ान भरने के लिए रनवे पर कुछ दूरी तय कर चुकी थी। पायलट की सूझबूझ की वजह बड़ा हादसा टल गया। फ्लाइट ने सुबह 10.05 बजे रायपुर के लिए उड़ान भरी। अचानक ब्रेक लगने से फ्लाइट सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर घबरा गए। एयरपोर्ट प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। इस दौरान सुरक्षा में तैनात ‘फॉलो मी’ वाहन के कर्मचारियों ने तुरंत बंदर को रनवे से भगाया। वहीं, एयरपोर्ट प्रवक्ता ने दैनिक भास्कर से बातचीत में ऐसी किसी भी घटना से इनकार किया है। एक घंटे तक उछल-कूद करता रहा बंदर बंदर करीब घंटेभर रनवे और उसके आसपास उछल-कूद करता रहा। काफी मुश्किल के बाद रनवे सुरक्षा में तैनात कर्मचारी उसे भगा पाए। बंदर रहीमाबाद गांव की तरफ मौजूद एयरपोर्ट बाउंड्री वॉल की ओर भाग निकला। फ्लाइट को रिपोजिशन कराया सूत्रों के मुताबिक, सिटी साइड से एक बंदर फ्लाइट टेक ऑफ करने से पहले पायलट को दिखाई पड़ा। जो रनवे क्रॉस करके जा रहा था। बंदर को जाते हुए पायलट ने देखा तो फ्लाइट को टेक ऑफ नहीं किया। ATC को दोबारा से जानकारी दी। इसके बाद दोबारा से फ्लाइट रिपोजिशन कराई गई। ATC के क्लियरेंस के बाद फ्लाइट को टेक ऑफ कराया गया। ऐसी ही 2 घटनाएं- 1- फाइटर जेट के सामने रनवे पर आ गया था कुत्ता उन्नाव में दो साल पहले आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर फाइटर विमानों का एयर शो हुआ था। उस दौरान विमानों के सामने एयर शो के दौरान अचानक रनवे पर एक कुत्ता हवाई पट्टी पर आ गया। इससे अफरा-तफरी के हालात बन गए। वायु सेना के सुरक्षा कर्मियों ने रनवे पर पहुंचकर कुत्ते को भगाया। करीब ढाई घंटे तक चले एयर शो के बाद हरक्यूलिस विमान हवाई पट्टी पर उतरा। जिसमें सेना के अफसर और सैन्य सामग्री को ले जाया गया। भारतीय वायु सेना ने गगन शक्ति युद्धाभ्यास किया था। सबसे पहले सुखोई विमान ने 3.5 किमी की एयर स्ट्रिप पर टच एंड गो किया। उसके दो सुखोई विमानों ने लैंडिंग की थी। 2- गोवा में रनवे पर कुत्ता आया तो फ्लाइट बेंगलुरु लौटी थी 2025 में बेंगलुरु से गोवा आने वाली विस्तारा फ्लाइट रनवे पर कुत्ते के आ जाने से वापस लौट गई थी। घटना 13 नवंबर को गोवा के डेबोलिम एयरपोर्ट की है। रिपोर्ट के मुताबिक, विस्तारा की फ्लाइट UK 881 ने दोपहर 12.55 बजे बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी। डेढ़ घंटे बाद विमान को गोवा के डेबोलिम हवाई अड्डे पर लैंड करना था। रनवे पर अचानक कुत्ता आ गया। एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (ATC) ने तुरंत इसकी सूचना पायलट को दी। कुछ देर इंतजार करने को कहा, लेकिन पायलट फ्लाइट को वापस बेंगलुरु ले गया। फिर तीन घंटे बाद फ्लाइट वापस लौटी थी। विस्तारा ने लिखा था- रनवे पर रुकावट के चलते लौटी फ्लाइट फ्लाइट के वापस जाने और फिर आने की जानकारी विस्तारा ने सोशल मीडिया पर भी दी थी। X पर एक पोस्ट में विस्तारा ने लिखा था, बेंगलुरु से गोवा जाने वाली फ्लाइट गोवा एयरपोर्ट के रनवे पर रुकावट के कारण बेंगलुरु की ओर डायवर्ट कर दी गई। यह दोपहर 3 बजे बेंगलुरु वापस आई। दो घंटे बाद एक अन्य पोस्ट में कहा गया, फ्लाइट यूके-881, जिसे बेंगलुरु के लिए डायवर्ट किया गया था, उसने बेंगलुरु से 4:55 बजे टेकऑफ किया और 6:15 बजे गोवा पहुंची। ————————- यह खबर भी पढ़िए- AMU में अफ्रीकी छात्र बोला- सबको AC दूंगा, मेट्रो चलवाऊंगा : ‘थ्री इडियट्स’ स्टाइल में स्पीच दी; एक-एक वादे पर तालियां बजीं अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले अफ्रीकी छात्र अय्यूबा ने हिंदी में स्पीच देकर सबको चौंका दिया। यूनिवर्सिटी के ‘नदीम तरीन हॉल’ में मंगलवार देर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम था। छात्र अय्यूबा ने बॉलीवुड फिल्म ‘3 इडियट्स’ के ‘चतुर रामलिंगम’ के अंदाज में भाषण दिया। जिसे सुनकर छात्र अपनी हंसी नहीं रोक पाए। (पूरी खबर पढ़िए)