पीएमश्री स्कूल में हिंदू बच्चियां हिजाब में दिखीं; VIDEO:संभल में प्रिंसिपल और 2 टीचर सस्पेंड; FIR दर्ज; डीएम ने जांच टीम बनाई

संभल के सरकारी स्कूल में बच्चे-बच्चियों को हिजाब और टोपी पहनाने के आरोप में प्रिंसिपल और 2 सहायक अध्यापकों को निलंबित कर दिया गया है। डीएम के निर्देश पर दोनों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है। मामला संभल के जालम सराय गांव में स्थित पीएमश्री विद्यालय का है। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। आरोप है कि स्कूल में हिंदू बच्चों को इस्लामिक टोपी और बच्चियों को हिजाब पहनाकर प्रार्थना में शामिल किया गया। जानिए बीईओ की जांच में क्या मिला… हिजाब और टोपी पहनाने का वीडियो सामने आने के बाद 8 मई को बीईओ विद्यालय में निरीक्षण करने पहुंचे। वहां केवल प्रभारी प्रधानाध्यापक ही मौके पर मिले। अन्य स्टाफ अनुपस्थित था। प्रधानाध्यापक मोहम्मद अंजार अहमद मेडिकल लीव पर हैं। विद्यालय में कुल 352 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, जिनमें जाटव समुदाय के 118 और मुस्लिम समुदाय के 234 बच्चे शामिल हैं। लेकिन 220 बच्चे उपस्थित थे। उन्होंने स्कूल के बच्चों से पूछताछ की। बच्चों ने बताया कि वीडियो काफी पुराना है। आरोप है कि लीव पर चल रहे प्रधानाध्यापक और उर्दू टीचर मोहम्मद गुल एजाज ने स्कूल में धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया। सहायक टीचर एजाज स्कूल में 2014 से कार्यरत हैं। दोनों ने ही छात्राओं को हिजाब पहनने और सजदा करने जैसी बातें सिखाई और छात्रों को टोपी पहनकर आने के लिए प्रेरित किया। रिपोर्ट के बाद डीएम के निर्देश पर एफआईआर… डीएम अंकित खंडेलवाल ने बीईओ की रिपोर्ट मिलने के बाद एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया। उन्होंने सीडीओ गोरखनाथ भट्‌ट की अध्यक्षता में एक जांच टीम भी बनाई है। डीएम ने बताया कि संभल के पीएमश्री स्कूल में छात्राओं द्वारा हिजाब पहनने और छात्रों द्वारा टोपी लगाकर प्रार्थना करने का वीडियो वायरल हुआ था। साथ ही आरोप यह भी था कि प्रार्थना के दौरान इस्लामिक आयतें पढ़ी जा रही थीं। उन्होंने बताया कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) और खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में इन गतिविधियों की पुष्टि हुई है। मामले में लापरवाही बरतने और स्कूल का माहौल प्रभावित करने के आरोप में प्रधानाचार्य, सहायक अध्यापक और वर्तमान कार्यवाहक प्रधानाचार्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। डीएम ने कहा कि संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पूरे मामले की गहराई से जांच के लिए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है। यह समिति अन्य कर्मचारियों की संलिप्तता की भी जांच करेगी। अब जानिए किसने क्या कहा… अभिभावक प्रमोद कुमार ने कहा, “बच्चियां घर से हिजाब लगाकर नहीं आती हैं। अब रास्ते में क्या होता है, इसकी हमें जानकारी नहीं है। हम बच्चों को छोड़ने साथ नहीं जाते। वीडियो देखकर हमें भी बुरा लगा। अगर पहले जानकारी होती तो हम बच्ची को डांटते और पता करते कि उसे हिजाब पहनना किसने सिखाया। फिर इसकी शिकायत ऊपर तक करते।” निलंबित प्रधानाध्यापक मोहम्मद अंजार अहमद ने कहा- मुझे इस पूरे मामले की जानकारी न्यूज के माध्यम से मिली। मैं 15 अगस्त से मेडिकल लीव पर हूं। जैसा दिखाया जा रहा है, वैसा कुछ नहीं है। हम बच्चों को टोपी और हिजाब पहनकर आने से मना करते हैं, लेकिन बच्चे नहीं मानते। मुझे और दो अन्य शिक्षकों को निलंबित किए जाने की जानकारी मिली है। लगता है कि हमारे खिलाफ कोई षड्यंत्र किया गया है। मेरी बाईपास सर्जरी हुई है। रोज राष्ट्रगान होता और फिर पहाड़े पढ़ाए जाते कक्षा 8 के छात्र आजाद ने बताया कि उन्होंने टोपी खुद पहनी थी, किसी ने उन्हें पहनने के लिए नहीं कहा था। इसी कक्षा के छात्र अनमोल ने बताया कि टोपी किसी ने नहीं पहनवाई थी। उन्होंने खुद ही यह देखने के लिए पहन ली थी कि मुस्लिम बच्चों पर टोपी कैसी लगती है। यह काफी पुरानी बात है। स्कूल आने पर सबसे पहले “लब पर आती है दुआ” प्रार्थना होती थी, जिसे बाद में बंद करा दिया गया। कक्षा 8 की छात्रा राजनंदनी ने बताया कि उन्हें किसी ने हिजाब पहनने के लिए नहीं कहा था। वह खुद ही हिजाब लगाकर आती थीं। छात्रा नूरी ने बताया कि स्कूल आने पर सबसे पहले “लब पर आती है दुआ” प्रार्थना कराई जाती थी। इसके बाद राष्ट्रगान और अन्य प्रार्थनाएं होती थीं। किसी शिक्षक ने कभी हिजाब बांधने या टोपी पहनने के लिए नहीं कहा। उनके माता-पिता कहते थे कि अब वह बड़ी हो गई हैं, इसलिए दुपट्टा ओढ़कर स्कूल जाया करें। —————————————– थार ने मां-5 साल की बेटी को कुचला, मौत:काशी में 200 मीटर घसीटा, गुस्साए लोगों ने पथराव किया; रिंग सेरमनी से लौट रही थीं वाराणसी में रविवार रात साढ़े 11 बजे थार सवारों ने बाइक सवार मां- मासूम बेटी और देवर को कुचल दिया। हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि देवर गंभीर घायल हो गया। महिला मौसी की बेटी की रिंग सेरेमनी से लौट रही थी। हादसा शहर के मंडुवाडीह क्षेत्र में प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर हुआ। पढ़ें पूरी खबर…