दुल्हन लड़के का चेहरा देखकर बोली- इससे शादी नहीं करनी:हरदोई में घराती-बाराती में लात-घूसे चले, दूल्हे समेत 6 गिरफ्तार

हरदोई में दुल्हन ने दूल्हे की शक्ल देखते ही शादी से इनकार कर दिया। पेशे से वकील दुल्हन ने कहा- ये वह लड़का नहीं, जिसे वह प्यार करती है। मेरी शादी तो प्रेमी से ही तय हुई थी, लेकिन दूल्हा बनकर कोई और आया है। इसके बाद लड़के और लड़की वालों में कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्षों की ओर से मारपीट होने लगी। घराती और बाराती में जमकर लात-घूसे चलने लगे। मारपीट में दूल्हे समेत कई लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे समेत 6 बारातियों को गिरफ्तार किया है। मामला शाहाबाद थाना इलाके का है। अब पूरा मामला पढ़िए… सोशल मीडिया पर हुई मुलाकात प्यार में बदली भुड़िया मोहल्ले की रहने वाली प्रिया वाजपेई ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। इसमें कहा कि मेरी पहचान मध्य प्रदेश निवासी राहुल मिश्रा से सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। राहुल ने प्रिया को बताया था कि वह सरकारी नौकरी में है। बातचीत के दौरान राहुल दो बार शाहाबाद आकर उससे मिला भी था। दोनों परिवारों के बीच फोन पर शादी तय हुई। 12 मई की तारीख तय की गई। मंगलवार रात प्रिया के घर बारात पहुंची। द्वारचार के समय जब प्रिया ने दूल्हे का चेहरा देखा, तो वह हैरान रह गई। उसका कहना था कि वह लड़का राहुल नहीं था। इसके बाद दोनों पक्षों में झगड़ा शुरू हो गया। मारपीट होने लगी। इसमें घायल आरोपी दूल्हा देवेंद्र सिंह परमार को सीएचसी में भर्ती कराया गया। नाम पूछने पर आनाकानी करने लगे बाराती वहीं, बारातियों से जब उनका नाम-पता पूछा गया तो वे मना करने लगे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों से बात की। इसके बाद पुलिस दूल्हे समेत 9 बारातियों को हिरासत में लेकर कोतवाली चली गई। प्रिया ने आरोप लगाया है कि इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड राहुल मिश्रा है, जो मौके पर नहीं था। मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी आरोपी दूल्हे देवेंद्र ने बताया, उसकी ही बात प्रिया से होती थी, लेकिन अब वह पता नहीं ऐसा क्यों कर रही है। प्रिया के पिता अभय वाजपेई और मां चंद्रकांति का निधन हो चुका है। वह अपने चाचा के साथ रहती है। दूल्हे समेत 6 गिरफ्तार, 9 पर केस दुलहन प्रिया वाचपेई की तहरीर पर पुलिस ने मध्य प्रदेश निवासी राहुल मिश्रा समेत नौ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शाहाबाद कोतवाल अरविंद राय ने बताया, मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें छतरपुर जिले के सिविल लाइन के गटेवरा गांव निवासी आरोपी दूल्हा देवेंद्र सिंह परमार, मंगलदीप, राम अवतार बाजपेई, मुकेश सेन, संकट मोचन पहाड़िया ईदगाह सिविल लाइन निवासी शरीफ और लखरावन गांव के रहने वाले मुलायम यादव शामिल हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। ————————– ये खबर भी पढ़ें.. भाजपा नेता की रीढ़ की हड्डी में फंसी गोली:लखनऊ में भाई बोले- ऑपरेशन मुश्किल; चौकी इंचार्ज हटाए गए लखनऊ में भाजपा युवा मोर्चा नेता चेतन तिवारी को मारी गई गोली उनकी रीढ़ की हड्‌डी में फंसी है। उनकी हालत बेहद नाजुक है। कमर के नीचे का हिस्सा सुन्न है। इस मामले में पुलिस उपायुक्त पश्चिमी ने टिकैतगंज चौकी प्रभारी दीपांकर शर्मा को हटा दिया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से पश्चिमी जोन कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। उपनिरीक्षक के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई के संबंध में जांच सहायक पुलिस आयुक्त काकोरी को सौंपी गई है। भाजपा नेता के भाई ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि डॉक्टर ने कहा है गोली अंदर ही रहेगी। अगर अभी ऑपरेशन करने की कोशिश की गई तो हालत और खराब हो सकती है। पढ़ें पूरी खबर