यूपी के 37 जिलों में 40-60km की रफ्तार से हवा:बांदा का पारा 45 डिग्री के पार पहुंचा, आंधी-तूफान में 111 की हुई मौत

यूपी में आंधी-तूफान और तेज बारिश की वजह से पिछले 2 दिन में 111 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 21 मौतें प्रयागराज और 17 मौतें भदोही में हुईं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी इन मौतों पर दुख जताया है। पुतिन ने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना शोक संदेश भेजा है। कहा, उत्तर प्रदेश में तूफान के कारण हुई भारी जान-माल की हानि और बड़े पैमाने पर हुई तबाही पर मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। सीएम योगी ने सभी जिलों के प्रभारी मंत्रियों को प्रभावित परिवारों से मुलाकात करने और हालात का जायजा लेने को कहा है। योगी ने कहा, आपदा की इस घड़ी में सरकार पूरी मजबूती के साथ जनता के साथ खड़ी है। राहत के कामों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। गुरुवार को ललितपुर मुख्यालय से 25 किमी दूर राजघाट क्षेत्र में आंधी के साथ बारिश हुई। कई पेड़ उखड़कर गिर गए, जबकि एक मकान की छत पर लगी टिनशेड उड़ गई। बुधवार शाम को गाजियाबाद, वाराणसी, अयोध्या समेत 30 जिलों में तूफान आया। बारिश के साथ ओले गिरे। कई जगह पेड़ टूटकर गिर गए। बिजली के खंभे उखड़ गए। दीवार गिरने से गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। बरेली में 90 की रफ्तार में चली आंधी में टिन शेड के साथ 50 साल का युवक करीब 50 फीट हवा में उड़ गया। वह 100 मीटर दूर खेत में गिरा। उसका हाथ टूट गया। अस्पताल में इलाज के बाद उसे घर भेज दिया गया। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को बांदा, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर, प्रयागराज, फतेहपुर, चित्रकूट, कौशांबी में हीटवेव चलेगी। इससे गर्मी बढ़ेगी। वहीं पश्चिमी यूपी और तराई समेत कुल 37 जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने व गरज चमक की आशंका है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में बांदा सबसे गर्म रहा। यहां 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- आज से पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने लगेगा। इससे प्रदेश में मौसम साफ होने लगेगा। तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। दिन के साथ रात में गर्मी पड़ेगी। 16 मई से बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में लू चलने और तपिश बढ़ने की भी संभावना है। यहां गरज चमक और आंधी चलने का अलर्ट चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं।
बुधवार के मौसम की तस्वीरें- अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम?