आजमगढ़ के मंडलीय अस्पताल में आउटसोर्सिंग पर तैनात पैरा मेडिकल स्वास्थ्य कर्मियों को पिछले तीन महीने से मानदेय नहीं मिला है। मानदेय भुगतान की मांग को लेकर गुरुवार को कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी, जिससे अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो गईं। ओपीडी के लिए पर्चियां तक नहीं बन सकीं और इलाज कराने आए मरीजों की लंबी कतार लग गई। मंडलीय अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ, वार्ड बॉय, लैब टेक्नीशियन, वार्ड आया और अन्य पैरा मेडिकल कर्मचारी आउटसोर्सिंग के जरिए तैनात हैं। सभी कर्मचारी अस्पताल के मुख्य गेट और इमरजेंसी गेट पर धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों के प्रदर्शन के कारण कई घंटों तक स्वास्थ्य सेवाएं बाधित रहीं और मरीजों को इलाज के लिए परेशान होना पड़ा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह समस्या सिर्फ आजमगढ़ तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के कई जिलों में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों द्वारा मानदेय को लेकर प्रदर्शन किए जा रहे हैं। बाद में अधिकारियों ने कर्मचारियों को समझाकर धरना खत्म कराया। हालांकि, इस दौरान अस्पताल में काफी देर तक अव्यवस्था की स्थिति बनी रही और मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।