बकरीद (ईद-उल-जुहा) के त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से खुर्जा पुलिस प्रशासन मुस्तैद हो गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के निर्देश पर मंगलवार को क्षेत्राधिकारी (सीओ) खुर्जा शोभित कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने खुर्जा नगर क्षेत्र में पैदल मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया। सीओ शोभित कुमार ने थाना कोतवाली खुर्जा नगर क्षेत्र की प्रमुख ईदगाहों, बाजारों, मुख्य चौराहों और मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील इलाकों का सघन भ्रमण किया। इस पैदल मार्च का उद्देश्य उपद्रवी तत्वों को सख्त संदेश देना और आम जनता के बीच सुरक्षा की भावना को मजबूत करना था। सीओ खुर्जा ने बताया कि त्योहार को लेकर पुलिस की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संवेदनशील और प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और थाना पुलिस को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों ने मीडिया के माध्यम से आम जनता से शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। सीओ ने सख्त हिदायत दी कि किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने सोशल मीडिया पर ऐसी कोई भी अनावश्यक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने को कहा, जिससे माहौल खराब हो। पुलिस हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रही है और माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस पैदल मार्च और क्षेत्र निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी खुर्जा नगर रामफल सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल के जवान और अधिकारी मौजूद रहे।