युवक ने प्रेमिका के उत्पीड़न से तंग आकर की आत्महत्या:मुजफ्फरनगर निवासी ने गुजरात में पेड़ से लटककर दी जान

मुजफ्फरनगर के मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव कासमपुर खोला निवासी एक 21 वर्षीय युवक ने गुजरात में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि युवक ने अपनी प्रेमिका और उसके परिवार के उत्पीड़न से तंग आकर यह कदम उठाया। मंगलवार को मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने मीरापुर थाने पहुंचकर युवती व उसके परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मृतक की पहचान वंश उर्फ चीकू पुत्र सहेन्द्र के रूप में हुई है। वह गुजरात के जनपद नदियाल में एक रोड़ी प्लांट में काम करता था। वंश के पिता सहेन्द्र के अनुसार, वंश का हापुड़ निवासी एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि युवती के परिजनों को इस प्रेम प्रसंग की जानकारी हो गई थी। इसके बाद युवती, उसके परिजन, मौसी का लड़का, मामा और मीरापुर क्षेत्र निवासी उनका एक रिश्तेदार (प्रधानपति) पिछले कई दिनों से वंश पर तीन दिन के भीतर घर आने का दबाव बना रहे थे। इस दबाव के कारण वंश मानसिक रूप से परेशान था। सोमवार सुबह वंश ने गुजरात में प्लांट के पास ही एक पेड़ से लटककर फांसी लगा ली। सूचना मिलने पर परिजन गुजरात पहुंचे। गुजरात पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक के पिता ने युवती सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। मंगलवार दोपहर को युवक के परिजन दर्जनों ग्रामीणों के साथ मृतक वंश का शव लेकर मीरापुर थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपी प्रेमिका युवती, उसके परिजनों और रिश्तेदार प्रधानपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए थाने का घेराव किया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया कि घटना गुजरात में हुई है, इसलिए कानूनी कार्रवाई वहीं होगी। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कर वापस भेजा। मीरापुर इंस्पेक्टर राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि परिजन घटना के संबंध में जानकारी लेने आए थे और उन्हें घटनास्थल गुजरात का होने के कारण वहीं कार्रवाई होने की बात बता दी गई है, जिससे वे संतुष्ट होकर चले गए।