सीतापुर में थूकने के चक्कर में महिला टीचर की मौत:चलती बस के गेट पर खड़ी थीं, बैलेंस बिगड़ने से सड़क पर गिरीं, सिर फटा

सीतापुर में इंटर कॉलेज की महिला टीचर की चलती बस से गिरकर मौत हो गई। वह थूकने के लिए बस के गेट पर आई थीं। जैसे ही अपना मुंह गेट के बाहर किया, तभी उनका बैलेंस बिगड़ा गया और नीचे गिर गईं। कंडक्टर ने पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह बचा नहीं सका। बस की स्पीड अधिक होने के कारण टीचर को गंभीर चोटें आईं। उनका सिर फट गया। सड़क पर खून फैल गया। हादसा होते ही चीख-पुकार मच गई। ड्राइवर ने तुरंत बस रोकी। महिला टीचर को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया। टीचर की उम्र 40 साल थी। वह एक हाथ से दिव्यांग थीं। हादसा जिला मुख्यालय से करीब 42 किमी दूर रामपुरकलां क्षेत्र में हुआ। अब जानिए पूरा मामला… इंटर कॉलेज में सहायक अध्यापक थीं महमूदाबाद के सरावगी टोला निवासी विभा गुप्ता (40 साल) पिसावां के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में सहायक अध्यापिका थीं। वह दाहिने हाथ से दिव्यांग थीं। शादी भी नहीं हुई थी। परिवार में बड़ा भाई और माता-पिता हैं। शुक्रवार सुबह विभा महमूदाबाद से सीतापुर जाने वाली रोडवेज बस (UP 34 AT 3998) में सवार हुईं। वह सिधौली में रहने वाले रिश्तेदार के घर जा रही थीं। विभा बस में दरवाजे के सामने वाली सीट पर बैठी थीं। दोपहर करीब डेढ़ बजे थाना रामपुरकलां क्षेत्र के पट्टी गांव के सामने बिसवां-महमूदाबाद मार्ग पर बस पहुंची। विभा पानी पीने के बाद थूकने के लिए बस के दरवाजे के पास आईं और खड़ी हो गईं। बस की रफ्तार तेज थी। झटका लगने पर वह हैंडल को सही से पकड़ नहीं सकीं। बैलेंस बिगड़ते ही वह लड़खड़ाकर बस से नीचे गिर गईं। कंडक्टर उन्हें पकड़ने के लिए आगे बड़ा, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। हादसा होते ही बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ड्राइवर ने तुरंत बस रोकी। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने ड्राइवर और कंडक्टर से पूछताछ की घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। एंबुलेंस बुलाकर घायल अध्यापिका को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहला भिजवाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि संतुलन बिगड़ने के कारण अध्यापिका बस से नीचे गिर गईं। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। बस ड्राइवर और कंडक्टर से भी पूछताछ की गई। प्रभारी निरीक्षक लल्ला गोस्वामी ने बताया, पानी थूकने के दौरान अचानक महिला का संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गईं। गंभीर चोट लगने पर उनकी मौत हो गई। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। यात्रियों और बस ड्राइवर और कंडक्टर से भी पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। ——————– यह खबर भी पढ़िए:- पूर्व सपा नेता नवाब सिंह को 8 साल की सजा:गैंगस्टर मामले में कन्नौज कोर्ट का फैसला, नाबालिग से रेप का आरोपी भी है
नाबालिग से रेप के आरोपी और पूर्व सपा नेता नवाब सिंह यादव और उसके भाई नीलू को गैंगस्टर मामले में 8-8 साल की सजा हुई है। कन्नौज कोर्ट ने शुक्रवार को इसी मामले में सहआरोपी पूजा तोमर को भी 6 साल की सजा सुनाई। कोर्ट ने नवाब और नीलू पर 10-10 लाख रुपए और पूजा तोमर पर 5 लाख का जुर्माना लगाया है। पढ़ें पूरी खबर…