यूपी में नौतपा के बीच 2 दिन से आंधी-तूफान और बारिश से मौसम बदल गया है। शनिवार सुबह से प्रदेश के ज्यादातर शहरों में बादल छाए हैं। ठंडी हवाओं की वजह से गर्मी नहीं है। तापमान में 10°C तक की गिरावट रिकॉर्ड की गई है। 28 मई को बांदा का तापमान 47.5°C रिकॉर्ड किया गया था। जो अब 37°C तक पहुंच गया है। आज सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट है। इनमें से 10 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 3 दिन यानी 2 जून तक मौसम ऐसा ही रहेगा। आंधी-बारिश की वजह से गर्मी नहीं पड़ेगी। इससे पहले, गुरुवार देर रात और शुक्रवार को लखनऊ समेत पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में बारिश हुई। कुछ जिलों में ओले भी गिरे। कच्चे मकानों की दीवारें गिर गईं। टिनशेड उड़ गए। सैकड़ों पेड़ गिर गए। चित्रकूट में 500 तोतों की मौत हो गई। बारिश-आंधी से हुए नुकसान पर CM योगी ने संज्ञान लिया है। अधिकारियों को फील्ड में उतरने को कहा है। आंधी-तूफान की वजह से हुए हादसों और बिजली गिरने से प्रदेश में 31 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 15 मौतें बुंदेलखंड में हुईं। इनमें हमीरपुर में 6, बांदा में 3, महोबा-उरई-जालौन में 2-2 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा कौशांबी में 4, सहारनपुर-देवरिया में 2-2, प्रतापगढ़, अंबेडकरनगर, बलिया, महाराजगंज, मथुरा, उन्नाव, फतेहपुर और रामपुर में एक-एक की जान गई। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नम हवाओं से यूपी में मौसम बदल गया है। 28 मई से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इस वजह से आंधी-बारिश हो रही है। पश्चिमी यूपी और तराई क्षेत्रों में तूफान का खतरा सबसे ज्यादा है। हवा की रफ्तार 100 किमी/घंटे तक पहुंच सकती है। 2 जून तक मौसम ऐसा ही रहेगा। गर्मी से राहत मिलेगी। तापमान में 5°C तक की और गिरावट आ सकती है। 4 तस्वीरें देखिए- यूपी के मौसम की पल-पल अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…