मेरे सूर्या के हत्यारों का एनकाउंटर हो, बुलडोजर चले:मां बोलीं- जो कामयाब था वह चला गया; दूसरा बीमार; गाजियाबाद में हिंदू छात्र का मर्डर, 10 घंटे हंगामा

मेरा बेटा जो कामयाब था, वह चला गया। पहले पति को खोया, अब बेटे को खो दिया। पता नहीं मेरे जीवन में क्या लिखा था। दूसरा बेटा बीमार रहता है। ऊपर वाले को मुझ पर तरस नहीं आया। मेरे बेटे को चाकू से गोदकर जिसने मारा है, उसका एनकाउंटर हो। उसके घर पर बुलडोजर चलना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो मैं अपने दूसरे बेटे के साथ थाने में जाकर बैठ जाउंगी। मेरा सब कुछ चला गया। ये शब्द हैं गाजियाबाद में 17 साल के बेटे सूर्या चौहान को खोने वाली मां सरोज के… शनिवार को करीब 10 घंटे हंगामे के बाद सूर्या का अंतिम संस्कार किया गया। बकरीद के दिन खोड़ा थाना क्षेत्र के नवनीत विहार में घर के पास सूर्या की हत्या उसके मुस्लिम दोस्तों ने चाकुओं से गोदकर की थी। नाबालिग दोस्त ने बताया कि आरोपियों ने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए सूर्या को फोन कर मिलने बुलाया। उससे पूछा- कभी बकरे को हलाल होते देखा है? फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। हत्याकांड के बाद दैनिक भास्कर ने मां और पड़ोसियों से बात की, पढ़िए उनका दर्द- मां ने कहा- मेरा सब कुछ उजड़ गया एटा जिले के सुखवादा गांव निवासी कौशलेंद्र की पहले मौत हो चुकी है। 5 साल से उनकी पत्नी सरोज अपने दो बेटों यश चौहान और सूर्या चौहान को लेकर गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र के नवनीत विहार में किराए पर रह रही हैं। यह क्षेत्र दिल्ली बॉर्डर से सटा हुआ है। सरोज एक प्राइवेट स्कूल में आया का काम करती हैं। बड़े बेटे यश चौहान को दौरे पड़ते हैं, जिसके चलते वह बीमार रहता है। छोटे बेटे सूर्या की मौत के बाद मां सरोज लगातार बेसुध हो जा रही हैं। दैनिक भास्कर ने उनसे बात की, बिलखते हुए उन्होंने कहा कि जिसने भी मेरे बेटे को मारा है, उसका एनकाउंटर हो। योगीजी मेरी आर्थिक सहायता के लिए नौकरी दिलवाएंगे। मेरा सब कुछ चला गया। जो मेरा बेटा कामयाब था, वह चला गया। दूसरा बेटा यश तो खुद बीमार रहता है। सूर्या की मौत के बाद आसपास के लोग और रिश्तेदार सरोज को सांत्वना दे रहे हैं। बेटे को याद करते हुए मां की कई बार तबीयत खराब हुई। सुबह कहा था- मां आज छुट्‌टी है, कहीं नहीं जाना सूर्या की मां सरोज ने रोते बिलखते हुए कहा- बेटा बिना बताए कहीं नहीं जाता था। शाम को यदि कभी कहीं चला गया तो वह कॉल करके हमेशा बताता था। 28 मई, गुरुवार की सुबह भी कह रहा था कि मम्मी आज बकरीद की छुट्‌टी है, किसी के यहां नहीं जाना। इसके बाद दोनों बेटों यश चौहान और सूर्या ने एक साथ चाय पी, फिर पड़ोस की दुकान से घर का कुछ सामान लाकर दिया। दोपहर को अचानक पता नहीं क्या हुआ कि असद ने कॉल करके बुला लिया। फिर सूर्या रास्ते में अपने दोनों दोस्तों के साथ था, किसी के घर भी नहीं गया। उसके बाद जाहिलों ने मेरे बेटे को बीच रास्ते में चाकू से घोंपकर मार डाला। पड़ोसी दीक्षा बोलीं- खून के बदले खून चाहिए, एनकाउंटर हो पड़ोसी दीक्षा ने कहा- लड़कों ने हमारे सूर्या को मारा है, कल को किसी और को मारेंगे। हमारी एक ही मांग है कि मौत के बदले मौत चाहिए। हत्यारे का एनकाउंटर हो। हमें बस खून के बदले खून चाहिए। पहले भी इसी असद से दिल्ली में झगड़ा हुआ था, तब भी कुछ नहीं हुआ। अब जानिए पूरा मामला आरोपियों ने कहा था- ‘बकरा हलाल होते देखा है…’ फिर चाकू से गोदा 28 मई, गुरुवार की दोपहर किराए के घर से 300 मीटर दूर रहने वाले असद ने कॉल करके सूर्या से कहा कि आज बकरीद है, कभी बकरा हलाल होते देखा है क्या? इस पर सूर्या ने ने कहा कि मुझे क्या जरुरत। फिर सूर्या अपने 2 नाबालिग हिंदू दोस्तों के साथ पड़ोस में गया। गली नंबर 2 में केला गोदाम के पास असद ने अपने साथियों नवाब, फरहान, आतिफ और सारिक के साथ मिलकर कहा कि आज सूर्या तुझे बकरे की कुर्बानी दिखाएंगे। इसके बाद चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। खून से लथपथ सूर्या जमीन पर गिर पड़ा, उसके दोस्त ने शर्ट बांधी। फिर नोएडा के अस्पताल में 29 मई, शुक्रवार को सूर्या की मौत हो गई। 10 घंटे 500 से ज्यादा लोगों ने हंगामा किया सूर्या की मौत के बाद 30 मई, शनिवार को सुबह 8 बजे ही 500 से ज्यादा लोग सड़कों पर उतर आए। हत्यारे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एनकाउंटर की मांग करते हुए कहा कि जैसे हमारा सूर्या गया है, ऐसे ही हत्यारा एनकाउंटर में मारा जाए। सूर्या की मां के सामने पड़ोस की महिलाओं ने कहा कि हमें रोटी नहीं चाहिए। हमें मौत के बदले मौत चाहिए। आरोपियों के एनकाउंटर की मांग करते हुए परिजनों ने अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया था। करीब 10 घंटे हंगामा चला, पुलिस अफसरों के समझाने और आश्वासन पर लोग शांत हुए। शाम करीब 6 बजे पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार दिल्ली के गाजीपुर श्मशान घाट में कराया गया। 8 महीने पुरानी रंजिश की बात सामने आई मृतक के दोस्तों का दावा है कि करीब आठ महीने पहले सूर्या ने असद और एक अन्य युवक के बीच हुए विवाद में बीच-बचाव किया था। उसी घटना के बाद से असद उससे नाराज था और बदला लेने की बात कहता था। परिवार का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते सूर्या की हत्या की गई। वहीं पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज व सर्विलांस के जरिए फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। 3 आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी बड़े भाई यश चौहान की तहरीर पर असद समेत पांच लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी असद समेत दो आरोपी अभी फरार हैं। इस बीच डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि दोषी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। बसपा प्रमुख मायावती ने भी मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। डीसीपी धवल जायसवाल के मुताबिक शुरुआती जांच में सभी युवक एक-दूसरे के परिचित पाए गए हैं। विवाद की वजह को लेकर जांच जारी है। ———————— ये खबर भी पढ़िए- फिरोजाबाद में एकतरफा प्यार में मासूम को 8 बार पटका: प्रपोजल ठुकराने से नाराज था, पुलिस ने आरोपी को पैर में गोली मारकर पकड़ा फिरोजाबाद में एकतरफा प्यार में युवक ने महिला के डेढ़ साल के मासूम की पटक-पटक कर हत्या कर दी। वह प्रपोजल ठुकराने से गुस्से में था। उसने जमीन पर मासूम को 8 बार उठाकर जोर से पटका। आरोपी महिला का रिश्तेदार है। पूरी घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है। वीडियो में घर से कुछ दूर गली में आरोपी मासूम को उठाकर जमीन पर पटकता दिख रहा है। पटकने के दौरान वह इधर-उधर भी देखता है। पढ़ें पूरी खबर.…