यूपी में बढ़ते अपराध से सीएम योगी खफा:डीएम-एसपी के साथ की बैठक; जल्द हो सकती है बड़ी कार्रवाई

यूपी में हाल के दिनों में बड़ी आपराधिक घटनाओं से सीएम योगी काफी नाराज हैं। योगी ने शनिवार को अचानक ज्यादा अपराध वाले जिलों के अफसरों को तलब कर लिया। रात 9 बजे से इन जिलों के पुलिस कप्तानों और डीएम के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बड़ी बैठक की। करीब 40 मिनट चली बैठक में सभी जोन के एडीजी, आईजी और डीआईजी के अलावा पुलिस कमिश्नर मौजूद रहे। इसके अलावा 4 जिलों के पुलिस कप्तान और डीएम भी जुड़े। इनमें गाजीपुर, जौनपुर, पीलीभीत और बागपत जिला शामिल है। इन जिलों में पिछले दिनों हत्या की बड़ी वारदात अंजाम दी गई थीं। इसके अलावा नोएडा, गाजियाबाद, वाराणसी और लखनऊ के जिलाधिकारी भी बैठक में जुड़े। योगी बड़ी वारदात से नाराज, जल्द ले सकते हैं कड़ा एक्शन बैठक की खास बात यह रही कि जिन जिलों में हाल के दिनों में बड़ी आपराधिक घटना हुई है, वहां के डीएम-एसपी दोनों को बुलाया गया। इसके अलावा सभी पुलिस कमिश्नर को भी जोड़ा गया। लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलर की दिनदहाड़े हत्या, नोएडा के जेवर में गोपाल शर्मा हत्याकांड, गाजीपुर में होटल कारोबारी की हत्या, वाराणसी में व्यापारी मनीष सिंह की हत्या, जौनपुर में दूल्हे की हत्या, गाजियाबाद में सूर्या चौहान की हत्या, पीलीभीत में स्कूल संचालक की हत्या और बागपत में मैकेनिक की हत्या की घटनाओं से मुख्यमंत्री बेहद नाराज बताए जा रहे हैं। वाराणसी में डीएम-कमिश्नर को महिलाओं ने गिफ्ट की थीं चूड़ियां वाराणसी में व्यापारी मनीष सिंह की हत्या के बाद आरोपियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई थी। इसके बाद मृतक के नाराज परिजनों ने पुलिस कमिश्नर और डीएम को चूड़ियां भिजवाई थीं। यही वजह है कि योगी शनिवार को कानून-व्यवस्था पर बैठक के बाद कुछ बड़े एक्शन भी ले सकते हैं। इसमें जिलों के कप्तानों के साथ पुलिस कमिश्नर और डीसीपी के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है। अब जानिए उन घटनाओं के बारे में, जिनसे योगी खफा हैं लखनऊ में हुई थी प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या लखनऊ में 27 मई (बुधवार) की दोपहर एक प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह अपने ऑफिस के सामने मोबाइल से बात कर रहे थे। तभी बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थीं। आसपास के लोगों ने प्रॉपर्टी डीलर को अपेक्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह जौनपुर के रहने वाले थे। पूरी खबर पढ़िए… जौनपुर में बारात रोककर दूल्हे को मार डाला था जौनपुर में के बडऊर गांव के रहने वाले रामलखन के बेटे आजाद की 22 मई को शादी थी। आजाद पुणे में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। उसकी बारात 20 किमी दूर खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव के लिए रात 8 बजे निकली। बारात में तीन गाड़ियां थीं। एक में दूल्हा और बाकी दोनों गाड़ियों में परिवार के लोग बैठे थे। आजाद बिंद कार की अगली सीट पर बैठा था। मोबाइल चला रहा था। कार रोड के किनारे खड़ी थी। तभी अपाचे बाइक पर सवार होकर दो लोग आए। मुंह पर गमछा बंधा था, रात में भी आंखों पर धूप का चश्मा लगाए थे। बाइक की नंबर प्लेट पर भी कपड़ा बंधा था। कार का शीशा खटखटाया। जैसे ही शीशा नीचे हुआ, पीछे बैठे युवक ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसमें आजाद की मौत हो गई थी। पूरी खबर पढ़िए… गाजीपुर में हुई करोड़पति होटल कारोबारी के बेटे की हत्या गाजीपुर में करोड़पति होटल कारोबारी के 29 साल के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 29 मई (शुक्रवार) की रात 4 नकाबपोश बदमाशों ने होटल के गेट पर घेरकर चार गोलियां मारीं। चारों बदमाश 2 बाइक से बियर लेने के बहाने पहुंचे थे। हमला उस वक्त हुआ जब होटल मालिक आलोक राय के बेटे विनीत घर के लिए निकल रहे थे। वह गाड़ी की तरफ बढ़ रहे थे, तभी बदमाशों ने दो पिस्टल से विनीत पर फायरिंग शुरू कर दी। हाथ और कमर में एक-एक गोली लगी, जबकि सीने में दो गोलियां मारीं। बदमाशों ने गार्ड को भी मारने के लिए दौड़ाया। उसने भागकर जान बचाई। इसके बाद बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। गार्ड ने होटल मालिक को फोन कर सूचना दी। विनीत को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले में सदर कोतवाल महेंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। पूरी खबर पढ़िए… —————————– यह खबर भी पढ़ें योगी, रक्षामंत्री के साथ युद्धपोत के अंदर गए, लखनऊ में राजनाथ सिंह ने CM की तारीफ की रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में शनिवार को सीएम योगी की तारीफ की। उन्होंने कहा- यूपी कभी वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया के नाम से जाना जाता था। इन्वेस्टर्स यहां आने से डरते थे। लेकिन अब यूपी बदल चुका है। यहां पढ़ें पूरी खबर