B.Ed प्रवेश परीक्षा देने पहुंचे 25 छात्र नाले में गिरे:कानपुर में साथियों ने खींचकर निकाला; AI कैमरों ने 18 हजार अलर्ट भेजे

यूपी में रविवार को बीएड प्रवेश परीक्षा 2 शिफ्ट में हुई। 72 जिलों में 1011 सेंटर बनाए गए थे। पहली शिफ्ट की परीक्षा दोपहर 12 बजे तक चली। दूसरी शिफ्ट शाम 5 बजे खत्म हुई। परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों को आधार, एडमिट कार्ड, फोटो, चेहरा और रेटिना के मिलान के बाद ही एंट्री दी गई। हाथों से घड़ी और जूते निकलवा दिए गए। कानपुर में पहली शिफ्ट की परीक्षा से पहले प्रो. एचएन मिश्रा पीजी कॉलेज के पास नाला धंसने से करीब 25 अभ्यर्थी गिर गए। इससे उनके कपड़े खराब हो गए। 4 को चोट भी लगी। एडमिट कार्ड भीग गए। साथी अभ्यर्थियों और आसपास खड़े लोगों ने खींच-खींचकर सभी को बाहर निकाला। बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी में बनाए गए कंट्रोल रूम से करीब 20 हजार AI कैमरों से नजर रखी गई। दोनों शिफ्ट में 18,276 अलर्ट कंट्रोल रूम को भेजे गए। इस दौरान कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों पर 2,200 कॉल की गईं और कहा गया- रूम में जाइए देखिए क्या हो रहा? बता दें कि AI कैमरा क्लास रूम में अधिक भीड़, अनवांटेड मूवमेंट होने पर कंट्रोल रूम को अलर्ट भेजता है। परीक्षा की निगरानी के लिए विश्वविद्यालय ने 167 प्रतिनिधियों को जिलों में तैनात किया गया। झांसी की बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी ने लगातार चौथी बार बीएड प्रवेश परीक्षा कराई। बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने बताया- दोनों शिफ्ट में 4 लाख 506 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि 4 लाख 44 हजार 958 रजिस्टर्ड थे। यानी, 44 हजार 452 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। कुल 90% अभ्यर्थी परीक्षा में बैठे। कासगंज और पीलीभीत में सबसे ज्यादा 95%, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में सबसे कम 84% अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। किसी भी सेंटर पर सॉल्वर नहीं पकड़े गए। 4 तस्वीरें देखिए… यूपी में बीएड प्रवेश परीक्षा के लाइव अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…