मैरिज एनिवर्सरी पर महिला फंदे पर लटकी मिली:बरेली में ससुराल वाले फरार, बच्चे बोले- बड़े पापा ने मम्मी को मार डाला

बरेली में मैरिज एनिवर्सरी के दिन पति ने अपने भैया-भाभी के साथ मिलकर पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, घटना को सुसाइड दिखाने के लिए उसे दुपट्‌टे से दरवाजे पर लटका दिया। इसके बाद मायके वालों को फोन कर तबीयत खराब होने की सूचना दी। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे मायके वाले पहुंचे तो घर का मेन दरवाजा खुला था। अंदर एक दरवाजे से फंदे पर बेटी का शव लटका था। घर में सिर्फ उसकी 4 साल की बेटी और दो साल का बेटा था। बाकी पति, देवर-देवरानी, जेठ-जेठानी और सास-ससुर फरार थे। मायके वालों का कहना है कि पति, जेठ और देवर दहेज के लिए उसे बहुत पीटते थे। वहीं, दोनों बच्चों ने कहा- बड़े पापा ने मम्मी को मारा है। पिता बोले- ससुराल वाले दहेज में कार मांग रहे थे रवीना (30) की शादी 6 साल पहले, 5 जून 2020 को बारादरी थाना के हरूनगला निवासी इकरार से हुई थी। रवीना का मायका कैंट थाना क्षेत्र के भौआपुर गांव में है। पोस्टमॉर्टम हाउस पर पहुंचे रवीना के पिता तस्सुवर हुसैन ने बताया कि ससुराल वाले दहेज में चार पहिया गाड़ी यानी कार मांग रहे थे। हमने उन्हें 50 हजार रुपए नकद भी दिए थे। कहा था कि बाकी पैसे धीरे-धीरे दे देंगे। मेरी एक और छोटी बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। उससे भी छोटी एक बेटी है, जिसका जेवर भी वहीं रखा हुआ था। रवीना का पति जयपुर में कढ़ाई का काम करता है। ससुराल में जरी का कारखाना भी है। जिसे ससुर और रवीना के जेठ और देवर देखते हैं। मां का आरोप- शराब पीकर बेटी को पीटते थे रवीना की मां खुर्शीदा ने रोते हुए बताया कि शादी के बाद से ही मेरी बेटी को दहेज के लिए पीटा जाता था। शादी में हमने बाइक और घर का सारा सामान दिया था, लेकिन वे कार की डिमांड पर अड़े थे। पति इकरार, जेठ इकबाल और देवर इरफान तीनों भाई रोजाना शराब पीकर मेरी बेटी को मारते थे। वे इतनी ज्यादा शराब पीते थे कि सुध-बुध तक खो देते थे। खुर्शीदा ने यह भी आरोप लगाया कि करीब एक महीना पहले रवीना के जेठ ने उससे रोटी मांगी थी, जिसके बाद उनके बीच कोई बात हुई और दोनों भाइयों में जमकर पिटाई की थी। जेठ पहले भी रवीना के साथ गलत हरकतें और मारपीट कर चुका था। उन्होंने बताया कि पहले भी दहेज की खातिर रवीना की गाड़ी में आग लगा दी गई थी। एक दिन पहले ही मायके से ससुराल गई थी रवीना पिता तस्सुवर का कहना है कि मेरी बेटी एक दिन पहले ही मायके से ससुराल गई थी। उसने मुझे कुछ नहीं बताया। अगर कोई बात या लड़ाई होती तो वह जरूर बताती। मुझे क्या पता था कि ये लोग मेरी बेटी को मार डालेंगे, वरना मैं अपनी बेटी को उसकी ससुराल छोड़कर ही नहीं आता। उन्होंने आरोप लगाया कि रवीना को फांसी के फंदे पर लटका कर मारा गया है। मां खुर्शीदा ने यह भी बताया कि आरोपी सट्टे का दो नंबर का काम करते हैं और पैसों के घमंड में किसी की नहीं सुनते। पुलिस पर वीडियो डिलीट करने के आरोप रवीना के चाचा मोहम्मद आसिक ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना के बाद जब लड़की फंदे पर लटकी थी, तब जो वीडियो बनाई गई थी, वो पुलिसवालों ने परिजनों के मोबाइल छीनकर डिलीट कर दी। पुलिस का कहना है कि वह अपने आप मरी है, जबकि उसे पहले मारकर फिर फंदे पर लटकाया गया है। मां खुर्शीदा ने भी आरोप लगाया कि हमारे पहुंचने से पहले ही आरोपियों ने पुलिस बुला ली थी और पुलिस ने पैसे ले लिए हैं। तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई शुक्रवार सुबह बारादरी पुलिस को किसी ने सूचना दी कि एक युवती हरूनगला में फांसी के फंदे पर लटकी हुई है। मौके पर पुलिस पहुंची और फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि परिजन जो भी तहरीर देंगे, उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। —————————- ये खबर भी पढ़िए- गेंद के बहाने घुसा, कारोबारी की पत्नी को मार डाला: सहारनपुर में दोस्त के साथ मिलकर की वारदात; पुलिस ने किया एनकाउंटर सहारनपुर में कारोबारी की पत्नी की हत्या पड़ोसी युवक ने अपने दोस्त के साथ मिलकर की थी। वह बॉल लेने के बहाने घर में घुसा और महिला का गला काट दिया। इसके बाद उनके कान काटकर सोने के कुंडल भी लूट लिए थे। दोस्त पर काफी कर्ज था, जिसे चुकाने के लिए उसने महिला के पड़ोसी युवक के साथ मिलकर वारदात की। पढ़ें पूरी खबर…