फिरोजाबाद के शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह 11:45 बजे इटावा की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाशों की फायरिंग में एसओजी के दो सिपाही डेविड चौहान और पुष्पेंद्र गोली लगने से घायल हो गए। एक सिपाही के पेट में और दूसरे के कंधे में गोली लगी। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने एसओजी टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई के बीच दोनों बदमाश भाग निकले। पुलिस ने उनका करीब 1 किलोमीटर तक पीछा किया, लेकिन वे नगला गांव में जाकर छिप गए। इसके बाद पुलिस ने गांव की चारों ओर से घेराबंदी कर कॉम्बिंग शुरू कर दी। बदमाशों की तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि गाजियाबाद से झारखंड जा रही संबलपुर एक्सप्रेस में दो बदमाश सवार हैं। सूचना के आधार पर इटावा एसओजी ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की घेराबंदी कर दी। इसी दौरान बदमाश ट्रेन से उतरकर भागने लगे। उधर, घटना की सूचना मिलते ही इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश श्रीवास्तव और अपर पुलिस अधीक्षक अभय नाथ त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके के लिए रवाना हो गए। पुलिस पूरे इलाके में कॉम्बिंग कर रही है और अधिकारी लगातार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया- खुफिया सूचना के आधार पर बदमाशों को पकड़ने की कार्रवाई की गई थी। मुठभेड़ के बाद आरोपी नगला कन्हई गांव की ओर भाग गए हैं। पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी गई है और उन्हें पकड़ने के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। तस्वीरें देखिए… घटना से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लाग से गुजर जाइए…