यूपी में आज यानी सोमवार से मानसून फिर से रफ्तार पकड़ेगा। सुबह से ही लखनऊ, कानपुर और अयोध्या समेत 40 से ज्यादा शहरों में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। लखीमपुर और बहराइच में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। लोगों को जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। उधर, पहाड़ों पर हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से यूपी में नदियां उफान पर हैं। बलिया में सोमवार सुबह 7 बजे एक सरकारी स्कूल सरयू नदी में समा गया। सिर्फ 3 सेकंड के अंदर पूरा भवन नदी के तेज बहाव में ढह गया। रविवार को स्कूल का आधा हिस्सा कटान की जद में आ गया था। वहीं, दोहरीघाट नहर का तटबंध टूटने से सैकड़ों एकड़ धान की फसल पानी में डूब गई है। इससे पहले, रविवार को लखनऊ, कानपुर, नोएडा और बिजनौर में झमाझम बारिश हुई। उन्नाव में लखनऊ-कानपुर ग्रीनफील्ड नेशनल एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे की सड़क धंस गई। हालांकि, सूचना मिलते ही NHAI की टीम ने मौके पर पहुंचकर इसे दुरुस्त करा दिया। इसके अलावा, खराब मौसम के कारण काठमांडू जा रही एक इंटरनेशनल फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मानसूनी रेखा एक बार फिर से यूपी की तरफ बढ़ रही है। साथ ही बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र भी और मजबूत हो रहा है। इस वजह से पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बढ़िया बारिश के आसार बन रहे हैं। 30 जुलाई तब यूपी के कई जिलों में हल्की से मध्यम तो कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने और गिरने की भी आशंका है। प्रदेश में आज कहां-कहां बारिश के आसार, देखिए यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…