बेटी को स्कूल से ला रहे पिता नहर में बहे:लखनऊ में पुलिया से टकराकर गिरे, 2 घंटे बाद पहुंची SDRF को 20 मीटर दूर मिला शव

लखनऊ में एक युवक की सोमवार को नहर में डूबने से मौत हो गई। वह बाइक से बेटी को स्कूल से लेकर घर लौट रहे थे। डीआरएम ऑफिस के पास अचानक सामने से ट्रक आ गया। इससे बाइक बेकाबू होकर पुलिया से टकरा गई। पिता उछलकर नहर में गिर गए, जबकि बेटी सड़क पर ही गिर गई। देखते-देखते पिता नहर में बह गए। सूचना के करीब 2 घंटे बाद पहुंची SDRF ने पिता का शव बरामद किया। मृतक की पहचान कृष्णनगर के खुशी विहार में रहने वाले रवि कुशवाहा (41) के रूप में हुई। वह LIC एजेंट थे। परिवार में पत्नी सुनीता कुशवाहा और 2 बच्चे हैं। बेटी वंशिका (8) अवध कॉलेजिएट स्कूल में पढ़ती है। रवि उसी को लेकर लौट रहे थे। वंशिका को मामूली चोट लगी है। घटना से गुस्साए पार्षद आधे घंटे तक धरने पर बैठे रहे। मामला के मानकनगर थाना क्षेत्र का सुबह 11 बजे का है। हादसे के बाद की 3 तस्वीरें… सामने से ट्रक आने से बिगड़ा संतुलन प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रवि बाइक मोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक सामने से ट्रक आ गया। इससे वह घबरा गए और बाइक का बैलेंस बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान रवि से ब्रेक के साथ एक्सीलेटर भी दब गया, जिससे बाइक तेजी से आगे बढ़ी। पुलिया के पास टूटे पत्थरों वाले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि रवि उछलकर शारदा नहर की ब्रांच नहर में जा गिरे। उन्होंने बाहर निकलने की काफी कोशिश की, हाथ-पैर चलाते रहे। लेकिन, 6 फीट गहरी नहर में तेज बहाव से डूब गए। बेटी वंशिका ने बताया कि सामने से सर्विस लेन पर एक ट्रक आ रहा था। उसे देखकर पापा ने अचानक अगला ब्रेक मार दिया। इससे बाइक स्लिप होकर पुलिया के पत्थर से टकरा गई। पापा सीधे नहर में चले गए। मैं बाइक समेत सड़क पर रह गई। पुलिस ने कहा- हमारे पास गोताखोर नहीं हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने 112 पर पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने कहा कि उनके पास गोताखोर नहीं हैं। इसके अलावा घटनास्थल को दूसरे थाने का बताया। इस पर स्थानीय लोग नाराज हो गए। बाद में मानकनगर थाने की पुलिस के साथ आलमबाग थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने SDRF को सूचना दी। करीब 1 बजे SDRF की टीम ने नहर में रवि की तलाश शुरू की। नहर में कैसे गिरे पुलिस जांच कर रही SDRF की तलाश में रवि नहर में हादसे की जगह से करीब 20 मीटर दूरी पर मिले। उनका शव झाड़ियों में फंसा था। पुलिस ने बॉडी को अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मानक नगर के थाना प्रभारी अजीत कुमार का कहना है कि सूचना पर पुलिस समय से पहुंच गई थी। तत्काल एसडीआरएफ को बुलाया गया। उसके बाद रेस्क्यू अभियान चलाकर शव बरामद कर लिया गया। वह नहर में कैसे गिरे, इसकी जांच की जा रही है। आक्रोशित लोग धरने पर बैठे घटना से आक्रोशित लोग और केसरी खेड़ा वार्ड के पार्षद देवेंद्र सिंह जीतू आधे घंटे तक सड़क पर धरने पर बैठे रहे। तहसीलदार, डीआरएम के पीआरओ और मानक नगर थाने के इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे। पार्षद और स्थानीय लोगों को समझा-बुझाकर धरना खत्म कराया। इस दौरान आवागमन प्रभावित रहा। —————————— यह खबर भी पढ़िए… लखनऊ मेयर ने भाजपा के 45-पार्षदों को जीरो बजट दिया, 11 ने की बगावत; रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से शिकायत लखनऊ की भाजपा मेयर सुषमा खर्कवाल से पार्षदों की बगावत के सुर तेज हो रहे हैं। उनके अपने ही 11 पार्षदों ने उनके खिलाफ खुली बगावत कर दी है। उनकी शिकायत रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी तक पहुंचा दी। पूरी खबर पढ़ें