पश्चिमी यूपी को छोड़कर बाकी प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिर से थम गई है। आसमान से बादल छटने लगे हैं। हालांकि, पहाड़ों पर हो रही बारिश से गंगा-यमुना समेत 10 नदियां उफान पर हैं। उन्नाव में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। कई गांवों में पानी घुस गया है। गलियों में नावें चल रही हैं। सहारनपुर में बरसाती नदियां उफान पर हैं। शाहपुर गाड़ा नदी पर बना पुल डूब गया है। लोग जान जोखिम में डालकर तेज बहाव के बीच नदी पार कर रहे हैं। मंगलवार को बाइक से जा रहे 3 लोग पुल पर तेज बहाव में फंसकर बहने लगे। गनीमत रही कि उन्होंने खुद को संभाला और बाइक से उतरकर पैदल पुल पार किया। वाराणसी में घाटों की सीढ़ियां डूब गई हैं। सभी 84 घाटों को आपस में जोड़ने वाले रास्ते जलमग्न हो गए हैं। मथुरा और आगरा में यमुना नदी का पानी घाटों की सीढ़ियों तक पहुंच गया है। वृंदावन में केशीघाट का परिक्रमा मार्ग जलमग्न हो गया है। फर्रुखाबाद के 40 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। 31 घर गंगा नदी में समा चुके हैं। इधर, बुधवार सुबह से लखनऊ, कानपुर और वाराणसी समेत ज्यादातर शहरों में मौसम साफ है। सहारनपुर और आगरा समेत पश्चिमी यूपी के कुछ शहरों में बादल छाए हैं। आज 28 जिलों में बारिश का अलर्ट है। सोनभद्र में भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने 16 जिलों में बाढ़ की चेतावनी जारी की है। इससे पहले, मंगलवार को मेरठ, संभल, बिजनौर और मुजफ्फरनगर समेत 10 शहरों में जोरदार बारिश हुई। मेरठ और संभल में गलियां-कॉलोनियां तालाब बन गईं। घरों और दुकानों में पानी भर गया। मुजफ्फरनगर में डीएम उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय वर्मा बारिश के बीच खुद घुटनों तक पानी में उतरे। बिजनौर में सड़कों पर 2-3 फीट जलभराव देखा गया। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें देखिए… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मध्य प्रदेश के पास बने हवा के दबाव के कारण पश्चिमी यूपी में अच्छी बारिश हो रही है। जबकि, मानसूनी रेखा के दक्षिण की ओर खिसकने से पूर्वी और मध्य यूपी में अभी बारिश कम है। हालांकि, कल से मानसून फिर से एक्टिव होगा, जिससे पूरे यूपी में अच्छी बारिश होगी। आज कहां-कहां बारिश की संभावना, देखिए यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…