मायावती ने पूर्व मंत्री अंटू मिश्रा को BSP से निकाला:सतीश मिश्रा के भांजे हैं; बसपा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रह चुके; भाजपा में जाने की अटकलें थीं

भतीजे आकाश आनंद के ससुर के बाद अब मायावती ने सतीश मिश्रा के भांजे पर कार्रवाई की है। बसपा प्रमुख ने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा को बसपा से निष्कासित कर दिया गया है। अंटू मिश्रा, राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा के सगे भांजे हैं। मायावती ने गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे अपने एक्स हैंडल पर अंटू मिश्रा के निष्कासन की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “उत्तर प्रदेश में बीएसपी सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे श्री अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा को उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों आदि के फलस्वरूप आज तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।” विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच अंटू मिश्रा का निष्कासन बसपा की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। कुछ दिन पहले ही मायावती ने अपने समधी और आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ को भी पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया था। पहले पढ़िए मायावती ने एक्स पर क्या लिखा… मायावती ने एक्स पर लिखा- उत्तर प्रदेश में बी.एस.पी. सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे श्री अनन्त कुमार मिश्रा उर्फ अन्टू मिश्रा को उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों आदि के फलस्वरूप आज तत्काल प्रभाव से उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। बसपा प्रमुख ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से चुनाव के दौरान विरोधी दलों के कथित साम, दाम, दंड और भेद जैसे हथकंडों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अंबेडकरवादी मिशन को आगे बढ़ाने और आगामी विधानसभा चुनाव में BSP को सफल बनाने में जुटें। लंबे समय से पार्टी गतिविधियों से दूरी पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अनंत मिश्रा पिछले कुछ समय से BSP की सक्रिय गतिविधियों से दूरी बनाए हुए थे। उनके दूसरे दलों के नेताओं के संपर्क में होने और भाजपा में जाने की अटकलें भी समय-समय पर सामने आती रही हैं। हालांकि, मायावती ने उनके निष्कासन की आधिकारिक वजह पार्टी विरोधी गतिविधियां बताई है। BSP सूत्रों के मुताबिक, 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ऐसे नेताओं पर सख्ती कर रहा है, जो पार्टी में रहते हुए दूसरे दलों के संपर्क में हैं। संगठन को चुनाव के लिए सक्रिय करने के साथ ही नेतृत्व स्तर पर भी लगातार बदलाव और कार्रवाई की जा रही है। आकाश आनंद के ससुर समेत कई नेताओं पर कार्रवाई अनंत मिश्रा से पहले मायावती पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में कई बड़े नेताओं पर कार्रवाई कर चुकी हैं। इनमें BSP के राष्ट्रीय समन्वयक और आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ तथा राष्ट्रीय समन्वयक रणधीर सिंह बेनीवाल शामिल हैं। इन कार्रवाइयों को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। मायावती पार्टी के सक्रिय नेताओं और पदाधिकारियों को चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का संदेश दे रही हैं। 24 से ज्यादा सीटों पर प्रत्याशी तय, 75 से अधिक नाम शॉर्टलिस्ट BSP ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अब तक 24 से अधिक विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम तय कर चुकी है, जबकि 75 से अधिक संभावित उम्मीदवारों के नाम शॉर्टलिस्ट किए गए हैं। पार्टी का फोकस बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और विधानसभा सीटों के सामाजिक व राजनीतिक समीकरण के आधार पर मजबूत उम्मीदवार तलाशने पर है। मायावती लगातार पार्टी पदाधिकारियों से चुनावी तैयारियों की जानकारी ले रही हैं। ————–