लैंडिंग करते इंडिगो विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकराया:178 लोग सवार थे, पायलट ने दूसरी कोशिश में उतारा; गोरखपुर की घटना

गोरखपुर एयरपोर्ट पर एक विमान हादसा टल गया। इंडिगो विमान की लैंडिंग के दौरान पिछला हिस्सा (टेल) जमीन से टकरा गया था। इसके बाद पायलट ने विमान को फिर से हवा में ले लिया। कुछ देर बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के क्लियरेंस मिलने पर विमान की दोबारा लैंडिंग कराई। मामला 19 अगस्त का है। दिल्ली से आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 2381 में क्रू मेंबर्स समेत 178 लोग सवार थे। विमान के उतरने के बाद नियमित जांच में पिछले हिस्से में ऑक्सिलरी पावर यूनिट (APU) के पास खरोंच के निशान मिले। विमान को अस्थायी तौर पर सेवा से हटा दिया गया है। फिलहाल, इसकी तकनीकी जांच और मरम्मत की जा रही है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, तकनीकी मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान में शामिल किया जाएगा। इंडिगो प्रवक्ता ने कहा- विमान को गो-अराउंड यानी दोबारा हवा में ले जाने का फैसला पूरी तरह सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया था। यात्रियों, क्रू और फ्लाइट की सुरक्षा कंपनी की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। 15 से 20 मिनट बाद हुई दोबारा लैंडिंग एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, गो-अराउंड के बाद विमान करीब 15-20 मिनट तक हवा में उड़ता रहा। एयर ट्रैफिक कंट्रोल से दोबारा क्लीयरेंस मिलने के बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। गो-अराउंड की वजह से कुछ देर तक यात्री घबरा गए। हालांकि, क्रू ने यात्रियों से शांत रहने की अपील की। गोरखपुर एयरपोर्ट पर रोजाना 20- 22 फ्लाइट्स आती-जाती हैं। यहां का रन-वे 2.7 किमी लंबा है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) इसका संचालन करता है। एयरपोर्ट के डायरेक्टर संजय कुमार ने कहा- विमान के टेल यानी पीछे के हिस्से में खरोंच के निशान (Tail Impact) की सूचना मिली थी। इसके बाद विमान को ग्राउंडेड किया गया। यही विमान दिल्ली यात्रियों को वापस दिल्ली ले जाता था। दूसरे विमान से यात्रियों को दिल्ली भेजा गया। इसमें 5 घंटे की देरी हुई। इससे कई यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट और जरूरी काम प्रभावित हुए। ———————- ये खबर भी पढ़ें… हेलिकॉप्टर की हवा से सड़क पर बाइक सवार गिरे; बैनर फट गए, टेबल उड़ीं; झांसी में कांवड़ियों पर बरसाए गए थे फूल झांसी में कांवड़ियों पर हेलिकॉप्टर से फूल बरसाने के दौरान अफरा-तफरी मच गई। हेलिकॉप्टर काफी नीचे आने की वजह से उसके पंखों से तेज हवा आने लगी। इससे सड़क पर चल रहे कई राहगीर और बाइक सवार उसकी चपेट में आ गए। पढ़िए पूरी खबर