योगी बोले- अखिलेश जन्मदिन पर बर्मिंघम से रथ मंगाते थे:सैफई महोत्सव में पैसे खर्च करते थे, उनसे बच्चों का भविष्य सुधर जाता

गोरखपुर में योगी ने अखिलेश यादव पर तंज कसा। उन्होंने कहा- जन्मदिन पर जितने में बर्मिंघम से रथ मंगवाते थे, जितना पैसा आप सैफई महोत्सव में खर्च करते थे, उतने में तो शिक्षा व्यवस्था ही बदल जाती। बच्चों का भविष्य सुधर जाता। ये सिर्फ प्रश्न खड़ा कर सकते हैं। सीएम ने कहा- 2017 से पहले ठेके पर नकल होती थी। बदनाम शिक्षा व्यवस्था होती थी। पहचान का संकट हमारे युवाओं के सामने आता था। यूपी को शक की नजरों से देखा जाता था। भारत में सबसे बड़ी आबादी वाला राज्य कटघरे में खड़ा होता था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। सीएम ने शिक्षक दिवस पर 81 शिक्षकों को सम्मानित किया। प्रोटोकॉल से अलग हटकर सभी को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा- मुझे बताया गया था कि सिर्फ 10 शिक्षक ही मंच पर आएंगे। लेकिन, सभी शिक्षक दूर-दूर से आए हैं। इसलिए सभी को बुलाया। योगी की 2 बड़ी बातें पढ़िए- 1- ‘ AI संस्कार नहीं दे सकता, यह तो शिक्षक ही दे सकता है’ योगी ने कहा- बहुत सारे लोग प्रश्न पूछते हैं कि तकनीक आएगी तो क्या शिक्षक रह पाएंगे। उसका जवाब आसान है- आपकी जगह कोई नहीं ले सकता। मशीन उत्तर दे सकती है, लेकिन प्रश्न करना नहीं सिखाती। प्रश्न पूछना तो केवल शिक्षक सिखाता है। उन्होंने कहा- एआई संस्कार नहीं दे सकता। यह तो शिक्षक ही दे सकता है। कांग्रेस को लगभग 6 दशक तक यूपी में शासन का अवसर मिला था, तब वे कुछ नहीं कर पाए, लेकिन वही लोग आज एक बार फिर आप पर सवाल खड़े करने की कोशिश कर रहे हैं। 2- ‘पहले बिजली नहीं आती थी, ये लोग अंधेरे में जमीन कब्जाते थे’ योगी ने कहा- पहले एक हफ्ते रात तो एक हफ्ते दिन में बिजली आती थी। अब स्कूल रात में तो चल नहीं सकते। ये बात कुछ लोगों को समझ नहीं आ सकती, क्योंकि वो लोग अंधेरे में रहने के आदी थे। अंधेरे में ही जमीनों पर कब्जे करते थे। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में डाका डालते थे। सम्मानित होने वाले शिक्षकों की नौकरी 2 साल बढ़ी सम्मानित होने वाले 81 शिक्षकों में बेसिक शिक्षा विभाग के 61 और माध्यमिक शिक्षा विभाग के 20 शिक्षक शामिल हैं। इनमें 33 महिला शिक्षिकाएं भी हैं। इन शिक्षकों की रिटायरमेंट उम्र भी 2 साल बढ़ा दी गई है। अब ये रोडवेज बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगे। शिक्षक सम्मान समारोह कार्यक्रम से जुड़े अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए….