यूपी के 36 जिलों में आज गुरुवार को बारिश का अलर्ट है। इनमें 22 जिलों में तेज बरसात होगी। मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 32 जिलों में 2.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मानसून सीजन में बारिश का कोटा फुल हो चुका है। एक जून से अब तक 651.5 मिमी बारिश हुई है। बुधवार की बात करें तो खराब मौसम की वजह से लखीमपुर, बरेली में 8वीं और वाराणसी में 5वीं तक के स्कूलों में छुट्टी रही। पूर्वी यूपी के ज्यादातर शहरों में बादल छाए रहे, कहीं कहीं बारिश हुई। जबकि, मध्य और पश्चिमी यूपी में धूप रही। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से नदियां उफान पर हैं। 26 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। 4 लाख की आबादी प्रभावित है। लखीमपुर में घाघरा नदी किनारे नाव पर बैठे 24 साल के युवक को घड़ियाल पानी में खींच ले गया। पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश कर रही है। फर्रुखाबाद में गंगा का पानी गांवों में घुस गया। लोग बड़ी कड़ाही को नाव बनाकर आवाजाही कर रहे हैं। 10 दिन में 15 मकान गंगा में समा चुके हैं। प्रयागराज में हनुमान मंदिर अब पानी से घिरा हुआ है। 11वें दिन भी लेटे हनुमानजी जलमग्न हैं। कानपुर और उन्नाव में पांडू नदी का पानी बस्तियों में घुस गया है। गलियों में नावें चल रही हैं। बिजनौर में गंगा नदी के बाढ़ के पानी के साथ मगरमच्छ रिहाइशी इलाके में पहुंच गया। गांव वालों ने उसे रस्सी से बांधकर वन विभाग को सौंप दिया। बलिया में सरयू की बाढ़ में कारें और बाइकें डूब गईं। बारिश-बाढ़ की तस्वीरें देखिए… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- यूपी में मानसून अब अपने अंतिम चरण में है। मध्य और पूर्वी यूपी के ज्यादातर जिलों में अगले 24 घंटे में बारिश का सिलसिला थम जाएगा। आम तौर पर यूपी से मानसून की वापसी सितंबर के तीसरे हफ्ते में होती है। इस बार भी हालात लगभग तय समय के आसपास ही मानसून वापसी की ओर इशारा कर रहे हैं। आज कहां-कहां बारिश होगी?