आगरा में 2 टुकड़ों में मिला एयरफोर्स जवान का शव:रेलवे ट्रैक पर धड़ और गर्दन अलग पड़ी थी; हावड़ा एक्सप्रेस से प्रयागराज जा रहे थे

आगरा में गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक पर 35 साल के एयरफोर्स जवान का शव दो टुकड़ों में मिला। उनकी गर्दन धड़ से अलग थी। शव जिला मुख्यालय से 26 किलोमीटर दूर अछनेरा रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर पड़ा मिला। गांववालों की सूचना पर जीआरपी और स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। शव की जेब से मिले आईडी कार्ड और टिकट के आधार पर उनकी पहचान राजस्थान के नागौर जिले के खींवसर निवासी नैनाराम के रूप में हुई। वह अपनी पत्नी शोभा और बेटा के साथ हावड़ा एक्सप्रेस से प्रयागराज जा रहे थे। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि एयरफोर्स जवान की मौत ट्रेन से गिरने, ट्रैक पार करने के दौरान या ट्रेन से कूदने से हुई। पुलिस उनकी पत्नी और बेटे से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है। GRP ने पत्नी का बताया कि आपके पति को चोट लगी है जीआरपी के मुताबिक घटना गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे की है। जवान राजस्थान से अपनी ड्यूटी पर परिवार के साथ प्रयागराज जा रहा था। उसकी पत्नी और 2 बच्चे ट्रेन के कोच में बैठे थे। इसी दौरान जवान की मौत हो गई। ट्रैक पर शव मिलने के बाद जवान के मोबाइल पर लगातार पत्नी और परिवार के लोगों के फोन आ रहे थे। जीआरपी ने फोन पर उसकी पत्नी से बात की। पुलिस ने जवान की पत्नी को बताया कि उनके पति के चोट लगी है। आप अगले स्टेशन पर उतर जाएं और एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। इसके बाद पत्नी शोभा ईदगाह स्टेशन पर परिवार समेत उतर गईं। वहां से अस्पताल पहुंची। यहां उन्हें जवान की मौत के बारे में पता चला। इसके बाद परिवार को घटना की जानकारी दी गई। जवान की पत्नी और परिवार के लोग पोस्टमार्टम पहुंच रहे हैं। जीआरपी का कहना है कि जिस स्थिति में शव रेलवे ट्रैक पर मिला है, उससे प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका लग रही है। पुलिस के मुताबिक शव प्लेटफॉर्म की दिशा में नहीं, बल्कि दूसरी ओर ट्रैक पर मिला है। पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है कि ट्रेन के रफ्तार पकड़ने के दौरान जवान ने खुद को ट्रेन के पहिए के सामने कर दिया हो। हालांकि जीआरपी का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी। खबर को अपडेट किया जा रहा है…