सपा नेता का शव रखकर हाईवे जाम किया, बैरिकेडिंग तोड़ी:प्रयागराज में ‘हत्यारों को फांसी दो’ के नारे लगे; सरकारी नौकरी और 2 करोड़ मुआवजा मांगा

प्रयागराज में मंगलवार को सपा नेता पवन यादव की हत्या हो गई थी। बुधवार शाम 4 बजे पोस्टमॉर्टम के बाद शव घर पहुंचा, तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में जुटे लोगों ने शव रखकर वाराणसी-प्रयागराज नेशनल हाईवे जाम कर दिया। इससे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह से ठहर गया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने “पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद” और “हत्यारों को फांसी दो” के नारे लगाए। स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई, जब प्रदर्शनकारियों ने हाईवे पर लगी पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ दी। कुछ लोगों ने मौके पर लगे बोर्ड भी उखाड़कर फेंक दिए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास शुरू किया। देर तक चले हंगामे के बीच अधिकारियों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। फिलहाल मौके पर करीब 200 पुलिसकर्मी, 10 एसीपी, 9 थानों की फोर्स, पांच गाड़ी पीएसी मौजूद है। शव जमीन पर रखकर बातचीत चल रही है। परिजन और ग्रामीण डीएम को बुलाने की मांग पर अड़े हैं। लिखित रूप से आश्वासन मांग रहे हैं। वो लोग घर के एक सदस्य को नौकरी और 2 करोड़ मुआवजा देने की मांग पर अड़े हैं। 4 तस्वीरें देखिए… दोपहर में पुलिस मुठभेड़ में 2 आरोपियों को लगी थी गोली इससे पहले बुधवार दोपहर आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस की हंडिया थाना क्षेत्र के बरौत इलाके में हिस्ट्रीशीटर लल्ला यादव और निहाल से मुठभेड़ हो गई। इसमें दोनों के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने दोनों घायलों और प्रधानपति समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घायल लल्ला यादव और निहाल को हंडिया के CHC में भर्ती कराया गया है। वहीं, अन्य गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अफसरों का कहना है कि हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपियों के कब्जे से हथियार और अन्य साक्ष्य मिलने की भी जांच की जा रही है। जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला हंडिया थाना क्षेत्र के मुगरांव का ही रहने वाला है। उसके खिलाफ जिले के कई थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट समेत कई संगीन धाराओं में 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पवन यादव पर गोली लल्ला ने ही चलाई थी। पुलिस के मुताबिक, हमलावर बाइक से पहुंचे थे। पीछे बैठे युवक ने पवन को गोली मारी थी। जांच में पुरानी रंजिश की बात भी सामने आई है। पुलिस ने 42 CCTV की फुटेज भी खंगालने के बाद एक्शन लिया। एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बाइक पर हमलावर दिखाई दे रहे हैं। इसके आधार पर पुलिस ने लल्ला यादव, बृजेश यादव और निहाल अली को हिरासत में लिया। पूछताछ में सामने आया कि तीनों बाइक से वारदात करने पहुंचे थे। निहाल बाइक चला रहा था। बृजेश बीच में और लल्ला सबसे पीछे बैठा था। लल्ला यादव ने पवन यादव पर फायरिंग की। घटना में इस्तेमाल बाइक और दो तमंचे भी बरामद कर लिए गए हैं। दोनों तमंचे और कारतूस 20 हजार रुपए में खरीदे गए थे। पूछताछ में पवन और लल्ला के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। छोटे भाई ने कहा- आरोपियों के घर पर बुलडोजर चले पवन के छोटे भाई बृजेश यादव ने कहा- हमारे बड़े भाई की हत्या हुई है। वह जब घर से निकले,तो किसी ने उन्हें बुलाया था। जहां वह नहीं जाते थे, आज वहां कैसे चले गए यह पता नहीं है। मेरे भाई की किसी से दुश्मनी नहीं थी। राजनीतिक व्यक्ति थे। अब हम यह चाहते हैं कि न्याय हो। जो भी हत्यारे हैं, जो खुलेआम घूम रहे हैं, उनको कड़ी से कड़ी सजा मिले। उनके घर बुलडोजर चलाया जाए। सपा प्रवक्ता बोलीं- प्रदेश में जंगलराज सपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता निधि यादव ने कहा- आज जिस तरह से इलाहाबाद में आप देख रहे हैं कि इतनी बड़ी घटना को अंजाम दिया गया। हंडिया टाउन एरिया चलता-फिरता इलाका है। वहां दिन-दहाड़े पूर्व प्रधान संघ के अध्यक्ष की हत्या कर दी गई। इस प्रदेश में जंगलराज है। यह सरकार किसी की सुरक्षा नहीं कर सकती। अब पढ़िए पूरा मामला मुग्रराव गांव में रहने वाले पवन यादव प्रधान रह चुके थे। इस समय वह समाजवादी पार्टी के जिला सचिव थे। पवन अपने 2 भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में पत्नी नीतू, 3 बेटियां- खुशी, मुस्कान और छोटी और एक बेटा प्रिंस है। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे पवन अपनी कार से हंडिया कस्बे पहुंचे। कर्मनाशा मोहल्ले में उन्होंने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी की। फिर पास में स्थित एक कैफे में दोस्तों से बातचीत करने चले गए। करीब 2 घंटे बाद शाम करीब 5:20 बजे बजे पवन कैफे से बाहर निकले और अपनी कार के पास पहुंचे। जैसे ही वह कार में बैठने लगे, तो प्रयागराज की ओर से बाइक सवार 3 बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों में से 2 ने हेलमेट पहन रखा था। बदमाशों ने पवन की कार के पास बाइक की रफ्तार धीमी कर दी। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पवन को सटाकर बनाकर फायर कर दिया। गोली उनकी पीठ में लगी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पूरी वारदात थाने से करीब 500 मीटर की दूरी पर हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पवन को हंडिया कस्बे के एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें टैगोर स्थित प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने एसआरएन रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। —————————– यह खबर भी पढ़ें… यूपी में क्लास-4 के छात्र ने बहन को न्यूड किया, पोर्न देखकर टीचर की डर्टी पिक्चर बनाई; बीटेक छात्र बोला- मुझे लड़की बना दो गोरखपुर में क्लास 4 के छात्र ने 7 साल की बहन को न्यूड कर दिया। उसे पोर्न दिखाकर गंदी हरकतें करने लगा। इसी बीच कमरे में उसकी मां आ गई। वह यह देख हैरान रह गई। छात्र ने एक दिन स्कूल में भी टीचर की डर्टी पिक्चर बना दी। इसके बाद प्रिंसिपल ने उसके घर वालों से शिकायत की। स्कूल से उसका नाम काट दिया। पढ़ें पूरी खबर…