करणी सेना युवा जिलाध्यक्ष को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा:अलीगढ़ में भीड़ ने थप्पड़ और बेल्ट मारीं, जय भीम के नारे भी लगवाए

अलीगढ़ में क्षत्रिय युवा करणी सेना के जिलाध्यक्ष सचिन राघव पर भीड़ ने हमला कर दिया। उन्हें सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर थप्पड़ और बेल्टें मारीं। इस दौरान सचिन हाथ जोड़कर माफी मांगते दिखे। सचिन को बचाने आए उनके छोटे भाई और उसके दोस्त को भी लोगों ने मारकर घायल कर दिया। हमलावर सचिन को खींचकर अंबेडकर पार्क के अंदर ले गए। यहां उनसे वाल्मीकि समाज और डॉ. अंबेडकर के सम्मान में नारे लगवाए गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखते ही हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने सचिन को मेडिकल के लिए सरकारी अस्पताल भेजा है। घटना सिविल लाइंस इलाके के घंटाघर चौराहे की है। 2 तस्वीरें देखिए… भाई के साथ चाट खा रहे थे सचिन राघव बुधवार शाम करीब 6.30 बजे क्षत्रिय युवा करणी सेना का जिलाध्यक्ष सचिन राघव घंटाघर के पास चाट खा रहे थे। साथ उसका छोटा भाई सुंदर और एक दोस्त प्रहलाद भी था। इसी दौरान करीब 150 लड़कों की भीड़ ने दोनों भाइयों को घेर लिया। भीड़ ने जय भीम के नारे लगाते हुए सचिन को पीटना शुरू कर दिया। थप्पड़ और बेल्टों से हमला किया। भाई ने बचाने की कोशिश की तो उसे भी पीटा। सचिन ने बताया कि हमलावर मुझे सड़क पर खींचते हुए आंबेडकर पार्क से एसबीआई तिराहे की तरफ ले गए। इस दौरान मुझे बेल्ट से पीटा। पार्क के अंदर भी हमलावरों ने भी मारपीट की। सचिन बोले- 150-200 लोगों की भीड़ ने घेर लिया सचिन ने बताया कि मैं, मेरा छोटा भाई सुंदर और दोस्त प्रहलाद शाम करीब 6 बजे स्टेट बैंक के पास खड़े थे। वहां पर अचानक से ‘जय भीम’ के नारे लगाते हुए 150-200 लोगों की भीड़ आ गई। भीड़ ने हम लोगों पर हमला कर दिया। भीड़ में शामिल एक हमलावर ने मुझे चाकू मारा, जिससे मेरी कोहनी में गहरी चोट आई है। भीड़ मुझे पार्क के अंदर ले गई। यहां मुझसे कहा कि बाबा साहब के सामने झुक कर मुर्गा बनो। हमारे सामने जय भगवान वाल्मीकि और जय भीम बोलो। मैंने कहा कि मैं बोल रहा हूं। मगर फिर भी वे लोग मुझे पीटते रहे। सवर्ण पंचायत में भाषण बना विवाद की वजह हमले के पीछे मंगलवार को हुई सवर्ण पंचायत को कारण माना जा रहा है। दरअसल, पंचायत में सचिन के छोटे भाई सुंदर ने भाषण दिया था। उसने अपने सामाजिक कार्यों का जिक्र करते हुए अलग-अलग भूमिकाओं को लेकर टिप्पणी की थी। सुंदर ने कहा था कि जब हम पूजा करते हैं तो पंडित होते हैं। सरकार से लड़ते हैं तो क्षत्रिय और धन एकत्रित करते हैं तो वैश्य होते हैं। इसी क्रम में नहरों और पोखरों से मृत गोवंश निकालने के काम करते हैं तो हम भंगी होते हैं। सुंदर ने अपने भाषण का यह वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। इसके बाद भीम आर्मी से जुड़े लोगों की ओर से टिप्पणियां की जाने लगीं। कौन हैं सचिन राघव? सचिन राघव क्षत्रिय युवा करणी सेना के जिलाध्यक्ष हैं। वह अलीगढ़ में लंबे समय से सामाजिक और जातीय मुद्दों को लेकर सक्रिय रहे हैं। उनके कई बयानों को लेकर विवाद सामने आते रहे हैं। सचिन के खिलाफ पूर्व में मुकदमे दर्ज होने और जेल जाने की बात भी सामने आती रही है। सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने बताया- पीड़ित की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। सचिन को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट, घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। ……………………. ये खबर भी पढ़ें- सपा नेता बैंककर्मी से बोला-CM कोटे से IAS बनवाऊंगा:खूबसूरत होने के साथ आपकी सीरत बहुत अच्छी…आप कंप्लीट वुमन; FIR दर्ज मैडम नमस्ते, आप एक एक्सट्रा औरा वाली महिला हैं। खूबसूरत होने के साथ आपकी सीरत बहुत अच्छी है। यानी आप कंप्लीट वुमन हैं। मुझे आपकी पर्सनेलिटी पर आपकी यह जॉब अच्छी नहीं लगती। सपा की सरकार बनती है तो में आपको चीफ मिनिस्टर कोटे से डेपुटेशन के आधार पर IAS बनवाने की कोशिश करूंगा। ये मैसेज मथुरा में सपा नेता और अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश महासचिव डॉ. राजन रिजवी ने वॉट्सऐप पर 38 साल की महिला बैंककर्मी को भेजा। बार-बार मैसेज से असहज और परेशान होकर बैंककर्मी ने पुलिस से शिकायत करके मंगलवार को कोतवाली में FIR दर्ज कराई। पढ़ें पूरी खबर