गोरखपुर में बुधवार शाम करीब 5 बजे डंपर ने 9वीं के छात्र को रौंद दिया। छात्र डंपर के पहिए में फंस गया। चालक उसे करीब 200 मीटर तक घसीटता चला गया। ग्रामीणों ने हादसा देखा तो डंपर को रोकने के लिए शोर मचाते हुए उसके पीछे दौड़े। खुद को घिरता देख चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने डंपर में आग लगा दी। सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे गोरखपुर-महराजगंज फोरलेन पर जाम लग गया। सूचना पर एसडीएम, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने डंपर में लगी आग बुझाई। एसडीएम ने आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब दो घंटे बाद जाम खुल सका। घटना जिला मुख्यालय से करीब 11 किलोमीटर दूर गुलरिहा थाना क्षेत्र की है। देखिए 2 तस्वीरें… पूरा मामला जानिए… राजेश प्रजापति नाहरपुर के पास लंगड़ी गुलरिहा में पत्नी और इकलौते बेटे के साथ रहते थे। राजेश ओडीओपी में शामिल टेराकोटा के हस्तशिल्पी हैं। वह मिट्टी से कलाकृतियां तैयार कर बेचते हैं। उनका 15 साल का बेटा आदित्य कक्षा 9 में सावित्री पब्लिक स्कूल में पढ़ता था। आदित्य बुधवार शाम को घर से ट्यूशन पढ़ने साइकिल लेकर निकला था। घर 200 मीटर दूर पहुंचने पर रॉन्ग साइड से आ रहे डंपर ने उसे रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद छात्र के परिजन और गुस्साए ग्रामीणों ने डंपर में आग लगा दी। शव को लेकर सड़क पर बैठ गए। परिजन मुआवजे और सरकारी नौकरी की मांग पर अड़े हादसे के बाद फोरलेन पर दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही रुक गई। परिजनों ने दोषी के खिलाफ कार्रवाई, एक करोड़ रुपए मुआवजा और पिता को सरकारी नौकरी देने की मांग की। सूचना पर एसडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह और एसपी सिटी निमिश पाटिल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। कुछ लोगों ने पुलिस के सामने नारेबाजी भी की। एसडीएम ने लिखित शिकायत लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन माने और जाम खुल सका। गुलरिहा थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद पाल ने बताया- छात्र के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। अब आगे की कार्रवाई की जा रही है। ———————————- यह खबर भी पढ़ें…. डॉक्टर बनने का सपना देखा, गर्लफ्रेंड के लिए चोर बना; कैंसर के इलाज पर खर्च किए 80 लाख, आगरा में ट्रेनों में करता था लूट आगरा में ट्रेनों में यात्रियों के सामान पर हाथ साफ कर लग्जरी लाइफ जीने वाले 2 शातिर चोरों को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी पुनीत ने कभी डॉक्टर बनने का सपना देखा था। उसने NEET क्वालीफाई भी कर लिया था। लेकिन, 2017 में परीक्षा कैंसिल हो गई। इसके बाद उसने मेडिकल लाइन छोड़ दी थी। पढ़िए पूरी खबर…