घर के बाहर लड़की के भाई को गोली मारी:लखीमपुर में लोगों ने चिल्लाकर कहा- ये क्या किया तो अपनी कनपटी में गोली मारकर जान दी

लखीमपुर खीरी में शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे प्रेमी ने प्रेमिका के भाई को गोली मार दी। गोली उसके पेट में लगी। फिर खुद कनपटी पर तमंचा सटाकर फायर कर दिया। सिर में गोली लगने से प्रेमी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि प्रेमिका के भाई की हालत गंभीर है। घायल युवक को जिला अस्पताल के डॉक्टर ने लखनऊ रेफर कर दिया। मामला जिला मुख्यालय से 47 किमी दूर पढ़ुआ थाना क्षेत्र के दुलही गांव का है। मृतक की पहचान दुलही गांव के इदरीश के रूप में हुई है जबकि घायल का नाम अखिलेश है। पड़ोसियों के अनुसार, इदरीश और अखिलेश की बहन के बीच काफी दिनों से अफेयर था। चार दिन पहले 14 सितंबर को इदरीश और उसकी प्रेमिका घर छोड़कर भाग गए थे। लड़की के परिजन ने इदरीश के खिलाफ यौन शोषण की नीयत से अपहरण करने का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने गुरुवार को दोनों को बरामद किया था। सिलसिलेवार जानिए मामला दुलही गांव के रहने वाले अखिलेश निघासन नगर पंचायत में सफाईकर्मी हैं। पिता नहीं है। मां आरती घर संभालती है। अखिलेश का एक छोटा भाई भी सफाईकमी है जबकि एक छोटा भाई कुछ नहीं करता। चार बहनें हैं जिसमें एक ही शादी हो चुकी है। घर के सामने इदरीश (38) का घर है। वह चार भाइयों में सबसे बड़ा है। उसके भाई बुद्धा (32) और हाफिज (25) दिल्ली में मजदूरी करते हैं, जबकि मुनव्वर (27) दिल्ली में ऑटो चलाता है। इदरीश की शादी करीब एक साल पहले सिंगाही क्षेत्र में हुई थी। उसकी पत्नी गर्भवती है और मायके में रह रही है। परिवार में दो बहनें भी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। पड़ोसियों के अनुसार, इदरीश का पड़ोसी अखिलेश की बहन के साथ अफेयर था। पुलिस के मुताबिक, करीब चार दिन पहले इदरीश अखिलेश की बहन को अपने साथ ले गया था। इस मामले में अखिलेश ने इदरीश और उसके भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने युवती को बरामद कर लिया था। इसके बाद से दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था। इदरीश शुक्रवार सुबह गोली मारी, फिर खुद जान दी प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे अखिलेश अपने घर के बाहर बैठकर मुंह धो रहा था। इसी दौरान इदरीश भी अपने घर से बाहर आया। दोनों के बीच गाली-गलौज और विवाद शुरू हो गया। करीब आधे घंटे तक गाली-गलौज और विवाद के बाद इदरीश अपने घर के अंदर गया और तमंचा लेकर बाहर आया। उसने अखिलेश को गोली मारने की धमकी दी। इसी दौरान इदरीश ने गुस्से में अखिलेश पर फायर कर दिया। गोली उसके पेट में लगी। वह जमीन पर गिर गया। गोली चलने की आवाज सुनकर दोनों के परिजन और आसपास के लोग दौड़े पहुंचे। इदरीश वहीं खड़ा था। लोग इदरीश को कोसने लगे। तैस में आकर इदरीश ने तमंचा अपनी कनपटी पर रखा और खुद गोली मार दी। गोली उसकी कनपटी के आर-पार हो गई। वह वहीं गिर पड़ा। कुछ ही पल में उसका शरीर शांत हो गया। आसपास की जमीन खून से लाल हो गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। इदरीश के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, अखिलेश को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। उसकी हालत अभी नाजुक बताई जा रही है। गोलीकांड में सात साल जेल काट चुका था ग्रामीणों के मुताबिक, करीब 15 वर्ष पहले भी इदरीश का नाम एक गोलीकांड में सामने आया था। उस समय उस पर दो लोगों को गोली मारने का आरोप था। इस मामले में उसके खिलाफ धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था और उसे सात साल की सजा हुई थी। इदरीश करीब एक साल पहले सजा पूरी कर जेल से बाहर आया था। एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया- दोनों पक्षों के बीच युवती को साथ ले जाने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। —————————————— ये खबर भी पढ़ेंः- छात्रा के हत्यारों को उम्रकैद, जिंदा जला दिया था:सुल्तानपुर में जेल जा रहे पति से लिपटकर रोई पत्नी; मां ने बेटे को दिए 500 रुपए सुल्तानपुर में चर्चित छात्रा श्रद्धा सिंह के 2 हत्यारों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई। साथ ही दोनों पर 50-50 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया। फैसले के दौरान दोनों सिर झुकाए खड़े रहे। गुरुवार शाम 4:20 बजे फास्ट ट्रैक कोर्ट (FTC) सेकेंड ने यह फैसला सुनाया। पूरी खबर पढ़ें…