आजमगढ़ में पत्नी समेत दो पंडितों की गोली मारकर हत्या:पूजा के दौरान आधार कार्ड मांगने पर विवाद, आरोपी ने खुद को घर में किया बंद

आजमगढ़ जिले के अहिरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गहजी गांव में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और घर में पूजा-पाठ कराने पहुंचे दो पंडितों की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी ने खुद को घर के अंदर बंद कर लिया। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। जानकारी के अनुसार, शंभूपुर गहजी निवासी अरविंद सिंह मंगलवार शाम करीब छह बजे घर पहुंचे। उस समय उनकी पत्नी बबीता सिंह (32) घर में दो पंडितों के साथ पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान करा रही थीं। मृतकों की पहचान महेंद्र पाठक (60) पुत्र सुदामा निवासी पटखौली और अखिलेश मिश्रा (50) पुत्र लाल बहादुर निवासी छितौना, शंभूपुर के रूप में हुई है। आरोप है कि घर में पूजा-पाठ चल रहा था, जिसे लेकर अरविंद सिंह नाराज हो गए। इसी बात को लेकर पत्नी और दोनों पंडितों से विवाद शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाल ली और कथित तौर पर पहले पत्नी बबीता सिंह को गोली मार दी। इसके बाद दोनों पंडितों पर भी फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आरोपी ने मकान का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और खुद को घर के भीतर ही कैद कर लिया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और मकान को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस टीम देर शाम तक आरोपी को बाहर निकालने और दरवाजा खुलवाने का प्रयास करती रही। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोली लगने से तीनों लोगों की मौत हो गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत और घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। पुलिस ने घटनास्थल को कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा रहे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।