यूपी में हालात बिगड़े, लखनऊ में 19-साल का रिकॉर्ड टूटा:40 घंटे से आंधी-बारिश, 50 जिलों में स्कूल बंद; पुलिस अनाउंस कर रही- बाहर न निकलें

यूपी में लगातार बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं। पूरे प्रदेश में पिछले 40 घंटे से जोरदार बारिश हो रही है। 40-50 किमी. की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। सड़कें तालाब बन गई हैं। कॉलोनियों में पानी घुस गया है। 32 जिलों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। सीएम योगी ने कहा- लोग बेवजह घर से बाहर न निकलें। अपनों का ख्याल रखें। सरकार आपके साथ खड़ी है। लखनऊ में घरों में किचन और बेडरूम तक पानी घुस गया। गलियों में कमर तक पानी में लोग बाइक और साइकिल से चलते नजर आए। सड़कों पर पेड़-पोल गिरने से लंबा जाम लग गया। लगातार हो रही बारिश ने मौसम का 19 साल रिकॉर्ड टूट गया। शुक्रवार को दिन का तापमान 23.5°C पहुंच गया। इससे पहले 25 सितंबर 2007 को तापमान 23°C रिकॉर्ड किया गया था। कानपुर और फतेहपुर में गली-मोहल्लों में 2-3 फीट पानी भर गया। देवरिया और बाराबंकी धान की सैकड़ों बीघा फसलें गिर गई हैं। खेतों में पानी भर गया है। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। डीएम-एसपी अनाउंस कर रहे हैं कि पानी बढ़ने की स्थिति में लोग दुकानें बंद करके घर चले जाए। लखीमपुर में कच्ची दीवार गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई है। इधर, भारी बारिश के चलते आज 12 जिलों में 8वीं और 35 जिलों में 12वीं तक स्कूल बंद हैं। लखनऊ, सुल्तानपुर, शामली, सहारनपुर और गाजीपुर में सभी यूनिवर्सिटी और कॉलेज की भी छुट्‌टी कर दी गई है। वाराणसी में BHU के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया- बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से मौसम बिगड़ा है। कल तक मौसम ऐसा ही रहेगा। बारिश-बाढ़ की तस्वीरें देखिए… आज कहां-कहां बारिश का अलर्ट, देखिए आपके शहर में मौसम कैसा है, कब तक बारिश का अलर्ट है और बाढ़ के हालात कैसे हैं? जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…