कानपुर-इटावा हाईवे 200 मीटर धंसा, आंधी-बारिश से 25 की मौत:ब्रजेश पाठक का हेलिकॉप्टर उड़ नहीं पाया; आज 66 जिलों में बरसात का अलर्ट

यूपी में बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं। पूरे प्रदेश में गुरुवार से जोरदार बारिश हो रही है। 40-50 किमी. की रफ्तार से आंधी चल रही है। सड़कें तालाब बन गई हैं। कॉलोनियों में पानी घुस गया है। 32 जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। पेड़-पोल उखड़ने से रास्ते बंद हो गए हैं। अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है। काशी में खराब मौसम के चलते डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का हेलिकॉप्टर उड़ नहीं पाया। आखिरकार डिप्टी सीएम को कार से गाजीपुर जाना पड़ा। उन्नाव में गंगा एक्सप्रेस-वे पर 500 मीटर के दायरे में 3 फीट तक पानी भर गया है। कानपुर-इटावा हाईवे 200 मीटर धंस गया। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 52.5 मिमी. बारिश हुई। जोकि सामान्य 2.7 मिमी. से 25 गुना ज्यादा है। प्रतिशत के हिसाब से देखें तो यह आंकड़ा 1800% से ज्यादा है। सीजन में मानसूनी बारिश का कोटा भी फुल हो गया है। 1 जून से अब तक कोटे से 2% ज्यादा 751.9का मिमी. बारिश हुई। आमतौर पर इस दौरान 738 मिमी. बारिश होती है। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। लखनऊ में घरों में किचन और बेडरूम तक पानी घुस गया है। गलियों में कमर तक पानी भरा है। बरेली-फतेहपुर में गली-मोहल्लों में 2-3 फीट पानी भर गया है। सीएम योगी ने कहा कि लोग बेवजह घर से बाहर न निकलें। अपनों का ख्याल रखें। सरकार आपके साथ खड़ी है।मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 66 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश-बाढ़ की 10 तस्वीरें देखिए… चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से मौसम बिगड़ा वाराणसी में BHU के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया- बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से मौसम बिगड़ा है। रविवार तक मौसम ऐसा ही रहेगा। आज कहां-कहां बारिश का अलर्ट, देखिए आपके शहर में मौसम कैसा है, कब तक बारिश का अलर्ट है और बाढ़ के हालात कैसे हैं? जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…