ओवैसी बोले- मुसलमान किसी की बपौती नहीं:भाजपा और अखिलेश में मैच फिक्स, एक मस्जिद-मदरसे गिराता है, दूसरा मुस्लिम वोट लेता है

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार शाम श्रावस्ती में सपा और INDI गठबंधन में शामिल दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, यूपी या देश के मुसलमान किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं हैं। मुसलमान आपके बाप की बपौती नहीं है। हम इंसान हैं, सिर्फ वोटर नहीं। अगर आप हमें अपनी बपौती समझते हैं, तो आने वाले विधानसभा चुनावों में आपको इसका पता चल जाएगा। ओवैसी ने आरोप लगाया कि सपा ने मुसलमानों से वोट लिए, लेकिन उनके सपनों को तोड़कर अपनी सत्ता के महल खड़े किए। उन्होंने मुस्लिमों से कहा- डरने या घबराने की कोई जरूरत नहीं है। भाजपा को जरूर रोकना होगा। यहां तीसरी बार भाजपा की सरकार नहीं बननी चाहिए। अब ओवैसी की 4 बड़ी बातें जानिए… 37 कब्रिस्तान और दरगाहों को गिराया गया: यूपी में बड़ी संख्या में मदरसे बंद किए गए और 18 से ज्यादा मदरसों पर बुलडोजर चलाया गया। करीब 37 कब्रिस्तान और दरगाहों को भी गिराया गया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के लोग मौके पर क्यों नहीं पहुंचे। सपा के लोग इसलिए नहीं आए, क्योंकि उन्हें पता है कि ये गरीब मुसलमानों की निशानियां हैं। अब अन्याय की इस व्यवस्था को खत्म करना होगा। मस्जिद-मदरसों से इतनी नफरत क्यों है: आखिर सीएम योगी को मस्जिदों, मदरसों और कब्रिस्तानों से इतनी नफरत क्यों है। मदरसों में ज्ञान दिया जाता है और इंसान को बेहतर इंसान बनने की शिक्षा मिलती है। दरगाहों और खानकाहों में अनुशासन सिखाया जाता है, लेकिन मुख्यमंत्री को इन चीजों से परेशानी होती है। भाजपा-सपा के बीच मैच फिक्स: ओवैसी ने कहा कि योगी और अखिलेश के बीच ‘फिक्स मैच’ चल रहा है। उनके मुताबिक, एक तरफ योगी मदरसों और धार्मिक स्थलों को गिराते हैं और दूसरी तरफ अखिलेश मुस्लिमों के वोट जुटाने का काम करते हैं। अब इन दोनों के बीच सिद्धांतों वाला व्यक्ति असदुद्दीन ओवैसी खड़ा हो गया है। ओवैसी ने अपना झंडा गाड़ दिया: मैं समाजवादी और इन तथाकथित सेक्युलर पार्टियों के लोगों और नेताओं से कहूंगा, याद रखिए, आप बार-बार कहते हैं कि अगर ओवैसी आए तो वोट बंट जाएंगे। सुनिए समाजवादी लोगों, यह दावत आपकी नहीं है और हम आपकी दावत में मेहमान नहीं हैं। यह दावत आपकी नहीं है और हम आपकी दावत में मेहमान नहीं हैं। यह राजनीति भारतीय लोकतंत्र का मेला है और इस भारतीय राजनीति में ओवैसी ने आकर अपना झंडा गाड़ दिया है और यह झंडा लहराता रहेगा। 27 सितंबर को खराब मौसम के चलते टल गई थी सभा AIMIM की यह जनसभा पहले 27 सितंबर को प्रस्तावित थी, लेकिन खराब मौसम के कारण रद्द कर दी गई थी। रविवार शाम 5 बजे भिनगा बाजार में ओवैसी ने सभा की। बसपा से निष्कासित हाजी दद्दन खां भिनगा विधानसभा सीट संभावित उम्मीदवार हैं।दद्दन खां 2024 के लोकसभा चुनाव में श्रावस्ती सीट से बसपा प्रत्याशी रह चुके हैं। AIMIM में शामिल होने के बाद सितंबर, 2026 में दद्दन खां ने रोड शो निकाला था। पुलिस ने बिना अनुमति रोड शो करने के आरोप में AIMIM प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली, दद्दन खां समेत कई लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। गठबंधन पर ओवैसी बोले- हमने अखिलेश से अपनी बात कह दी असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को लखनऊ में कहा, हम कहते हैं कि हम दरी नहीं बिछाएंगे, हम वोट बैंक नहीं हैं। हमें हमारा हक मिलना चाहिए। जाहिर है, जो लोग इस सच्चाई को स्वीकार नहीं करते, उन्हें तकलीफ होती होगी। सपा से गठबंधन पर ओवैसी ने कहा- हमारी पार्टी ने अपनी बात साफ कर दी है। हमने बिहार का भी उदाहरण दिया है। जो भी गठबंधन होगा, आप लोगों को बता दिया जाएगा। AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, अगर कोई गठबंधन बनता है, जिसमें मुस्लिम नेतृत्व न हो और AIMIM शामिल न हो, तो वह गठबंधन नहीं बल्कि एक धोखा है। ऐसा गठबंधन समाज के दबे-कुचले, मुस्लिम, वंचित और शोषित वर्गों का शोषण करेगा। ————————- ये भी पढ़ें… योगी ने भदोही जिले का नाम बदला:अब संत रविदास नगर भदोही के नाम से जाना जाएगा, 32 साल में 5वीं बार नामकरण सीएम योगी ने रविवार को भदोही जिले का नाम बदल दिया। उन्होंने कहा- अब भदोही ‘संत रविदास नगर भदोही’ के नाम से जाना जाएगा। सीएम ने इससे पहले 29 जुलाई, 2026 को वाराणसी में भदोही का नाम ‘संत रविदास नगर’ करने की घोषणा की थी। पढ़ें पूरी खबर…