कॉमेडियन को पकड़ने आधी रात दीवार कूदकर पहुंची सुल्तानपुर पुलिस:संजय यदुवंशी के परिवार से तीखी बहस; इंस्पेक्टर बोला- मेरी पावर समझ नहीं रहे

सुल्तानपुर में अवधी गायक और कॉमेडियन संजय यदुवंशी को मारपीट के मामले में पकड़ने के लिए पुलिस सोमवार आधी रात उनके घर पहुंची। गेट पर ताला लगा था। पुलिसकर्मी दीवार फांदकर अंदर घुसे, लेकिन संजय घर पर नहीं मिले। इस दौरान उनके पिता, मां और भाई की पुलिसकर्मियों से तीखी बहस हो गई। इसका वीडियो भी सामने आया है। पुलिसकर्मी कह रहे थे- संजय चाहिए, तुरंत। इस पर घर की महिला ने कहा- संजय यहां नहीं है। वह 24 घंटे यहां नहीं रहते हैं। इंस्पेक्टर ने कहा- मैं इंस्पेक्टर धम्मौर हूं। इसी बीच एक युवक ने कहा- आप पुलिसवाले हैं तो गाली देंगे क्या? इस पर इंस्पेक्टर भड़क गए। बोले- एक इंस्पेक्टर की पावर समझते नहीं हो तुम। अभी तुम्हें तुम्हारा अधिकार बताता हूं। पूरा मामला धम्मौर थाना क्षेत्र के उघड़पुर गांव का है। संजय के परिवार ने पुलिसकर्मियों पर अभद्रता का आरोप लगाया है। संजय ने कहा- पुलिस मुझे किस मामले में गिरफ्तार करना चाहती है? मेरी गिरफ्तारी का वारंट कहां है? हालांकि, सीओ ने उनके आरोपों को खारिज कर दिया है। सीओ बोले- जानलेवा हमले के मामले में दबिश देने पहुंची थी पुलिस सीओ रितिक कपूर ने बताया कि थाना कोतवाली नगर में जफरुल हसन ने अपने बेटे शबीब रजा के साथ मारपीट और जानलेवा हमला करने का केस दर्ज कराया था। इसमें आरोपी संजय यदुवंशी फरार चल रहे हैं। इसी मामले की जांच के लिए पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। सोमवार देर रात उनके घर दबिश दी गई, लेकिन संजय नहीं मिले। संजय बोले- SHO सस्पेंड नहीं हुए तो लखनऊ में धरना दूंगा संजय यदुवंशी ने X पर लिखा- अगर एसएचओ को सस्पेंड नहीं किया गया तो वह लखनऊ में धरना देंगे। रात 12 बजे धम्मौर थाने के SHO शराब पीकर और दीवार कूदकर जांच कर रहे हैं। मेरे परिवार से गाली-गलौज कर रहे हैं। ऐसा कौन सा मुकदमा है मेरे ऊपर? किसकी हत्या या किसका अपहरण किया है? पिता बोले- इंस्पेक्टर ने कहा, संजय का एनकाउंटर करना है संजय के पिता सियाराम यादव ने कहा- धम्मौर थाना प्रभारी 6 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे थे। उन्होंने पूछा कि संजय कहां हैं। कहा कि मुझे उनका एनकाउंटर करना है। अगर मेरे बच्चों को कुछ होता है तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस की होगी। ——————————- यह खबर भी पढ़िए:- दिव्या-मित्तल ने जिस स्कूल का मुद्दा उठाया, उसका काम रुका:मिर्जापुर में गांव वाले भी नाराज हुए, वन विभाग बोला- जमीन तो हमारी है
मिर्जापुर में पूर्व IAS दिव्या मित्तल की परमिशन से बन रहे स्कूल के निर्माण पर विवाद खड़ा हो गया है। वन विभाग ने इस जमीन पर दावा करते हुए 4 अक्टूबर की दोपहर को काम रुकवा दिया। लहुरियादह गांव में बन रहे स्कूल का काम रोके जाने से गांववाले नाराज हैं। पढ़ें पूरी खबर…