मंत्री धर्मपाल के पास 3 असलहे, पति से अमीर प्रियंका:श्रुति गंगवार के पास सवा किलो सोना; यूपी में राज्यसभा के BJP कैंडिडेट्स की प्रॉपर्टी जानिए

राज्यसभा चुनाव के लिए यूपी से भाजपा के सभी 8 उम्मीदवारों ने मंगलवार को नामांकन दाखिल कर दिया। इनकी संपत्ति और क्रिमिनल केस से जुड़े हलफनामे से पता चलता है कि कोई रायफल और रिवाल्वर का शौकीन है, तो कोई गाड़ियों का। अगर शौक की बात करें, तो यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह का अंदाज ही अलग है। मंत्रीजी को असलहों से खासा लगाव है। उनके पास एक राइफल और एक रिवॉल्वर है। इतना ही नहीं, उनकी पत्नी वंदना देवी के नाम पर भी एक रिवॉल्वर दर्ज है। हथियारों के शौक के मामले में कानपुर के रहने वाले गोपी कृष्ण पांडेय भी पीछे नहीं हैं। उनके पास 2 लाख रुपए की ‘वेबले स्कॉट रिवाल्वर’ है। बेवले स्कॉट ब्रिटेन की एक बेहद मशहूर हथियार निर्माता कंपनी है। यह रिवॉल्वर पूरी दुनिया में अपनी मजबूती और घातक मारक क्षमता के लिए जानी जाती है। भारत और विशेष रूप से यूपी के लिए यह खास है। क्योंकि, ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत, हरदोई जिले (संडीला) में एक भारतीय फर्म (सियाल मैन्युफैक्चरर्स प्राइवेट लिमिटेड) के सहयोग से वेबले एंड स्कॉट की फैक्ट्री स्थापित की गई है। यह यूपी में प्लांट लगाने वाली पहली विदेशी हथियार निर्माता कंपनी है। वहीं, जब धन-दौलत की बात आती है तो जौनपुर के कद्दावर नेता, पूर्व राज्यसभा सांसद और एमएलसी विद्यासागर सोनकर सबसे भारी निकलते हैं। वे 16.41 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति के साथ भाजपा उम्मीदवारों में सबसे अमीर हैं। विद्यासागर के पास 2.16 करोड़ रुपए की चल और 14.25 करोड़ की अचल संपत्ति है। उनकी पत्नी रेखा के पास 2.34 करोड़ की चल संपत्ति दर्ज है। दिलचस्प बात यह है कि उनके पास कोई अचल संपत्ति (मकान या जमीन) नहीं है। दोनों के पास करीब 925 ग्राम सोना और 5 किलो चांदी भी है। अमीरी की इस रेस में राधाकांत ओझा भी पीछे नहीं हैं। वह 11.85 करोड़ रुपए के मालिक हैं। उनके पास प्रीमियम किआ कार्निवल और अल्टो कार है। 3.87 करोड़ रुपए की चल और 5 करोड़ की अचल संपत्ति है। पत्नी सुमित्रा ओझा 2.07 करोड़ रुपए की चल और 99 लाख की अचल संपत्ति की मालकिन हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें, तो श्रुति गंगवार सबसे आगे दिखती हैं। उन्होंने साल 2000 में रुड़की यूनिवर्सिटी से केमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। यह यूनिवर्सिटी अब IIT रुड़की के नाम से जाना जाता है। सोने-चांदी के मामले में भी श्रुति सबसे आगे हैं। उनके पास करीब सवा किलो सोना और 5 किलो चांदी है। इसकी कुल कीमत डेढ़ करोड़ रुपए से ज्यादा है। प्रियंका रावत के पास पति रघुनाथ से ज्यादा संपत्ति है। वे चल-अचल दोनों संपत्तियों में पति से आगे हैं। प्रियंका देनदारी के मामले में सबसे आगे हैं। उन पर करीब 1 करोड़ का कर्ज है। वहीं, पति पर 37 लाख का कर्ज है। इस तरह 8 उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा कर्ज इन्हीं पति-पत्नी पर है। संपत्ति की फेहरिस्त में ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष प्रकाश पाल सबसे नीचे आते हैं। उनके पास कुल 1.37 करोड़ रुपए (19.86 लाख की चल और 1.17 लाख अचल संपत्ति) की संपत्ति है। गाड़ियों के नाम पर सिर्फ दो स्कूटी हैं। उनमें से एक खुद और दूसरी उनकी पत्नी नीतू पाल के नाम पर है। यहां एक मजेदार बात यह भी है कि प्रकाश पाल खुद 2015 मॉडल की पुरानी स्कूटी से चलते हैं। पत्नी के नाम पर 2021 मॉडल की नई स्कूटी है। आगरा के रामप्रताप सिंह एकमात्र ऐसे उम्मीदवार हैं, जिन पर क्रिमिनल केस है। उन पर दो मुकदमे दर्ज हैं। एक मुकदमा गैरकानूनी जनसभा, दंगा करना और विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी बढ़ाने की धाराओं के तहत लखनऊ में दर्ज है। दूसरा मुकदमा बिना पहचान के चुनाव सामग्री छापने के लिए आगरा में दर्ज है। दोनों मामले अदालत में चल रहे हैं। —————————–
ये खबर भी पढ़ें… अखिलेश जिस मुस्लिम नेता का टिकट काटेंगे, ओवैसी उसे लड़वाएंगे, सपा से गठबंधन नहीं हुआ तो 200 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने सपा-कांग्रेस को गठबंधन के लिए 2 अक्टूबर तक का समय दिया था। अब पार्टी अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। ओवैसी कम से कम 200 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी में हैं। ओवैसी की नजर खासतौर पर उन मुस्लिम नेताओं पर है, जो चुनाव लड़ना चाहते हैं। लेकिन, अखिलेश उनके टिकट काट रहे हैं। ऐसे नेताओं को ओवैसी AIMIM के टिकट पर चुनाव लड़वाने की तैयारी कर रहे हैं। पढ़िए पूरी रिपोर्ट…