पति को सांप डसवाने वाली रविता-प्रेमी हत्या के दोषी:मेरठ में हत्या के बाद बिस्तर पर सांप छोड़ा था, 16 अक्टूबर को सजा का ऐलान

मेरठ में पति की हत्या के मामले में रविता और उसके प्रेमी को कोर्ट ने दोषी करार दिया है। बुधवार को कोर्ट ने सुनवाई के दौरान माना कि दोनों ने मिलकर अमित कश्यप की हत्या की थी। कोर्ट 16 अक्टूबर को दोनों को सजा सुनाएगी। हत्या 17 अप्रैल 2025 को हुई थी। घटना के 543 दिन बाद 12 से ज्यादा गवाहों के बयान के बाद कोर्ट ने फैसला लिया। रविता ने प्रेमी के साथ सोते वक्त अमित की गला घोंटकर हत्या की थी, फिर बिस्तर पर सांप छोड़कर 10 बार डसवाया था। तब से वह मेरठ जेल में बंद है, जबकि प्रेमी अमरदीप जमानत पर बाहर है। रविता आज मुंह बांधकर कोर्ट पहुंची। मीडियाकर्मियों ने बात करने की कोशिश की तो उसने कुछ जवाब नहीं दिया। सांप के काटने से मौत दिखाने की रची थी साजिश मेरठ-पौड़ी हाईवे से करीब 4 किलोमीटर अंदर गांव अकबरपुर सादात निवासी अमित कश्यप उर्फ मिक्की की पत्नी रविता और पड़ोसी अमरदीप के बीच प्रेम संबंध थे। अमरदीप अमित के साथ टाइल्स-पत्थर लगाने का काम करता था और उसका घर आना-जाना था। आरोप है कि दोनों ने मिलकर अमित की गला दबाकर हत्या की। फिर बिस्तर पर शव के पास सांप छोड़ दिया। शुरुआत में परिजनों ने भी सांप के डसने से मौत होने की आशंका जताई थी। 12 अप्रैल 2025 को अमित घर में मृत मिला था। उसके शव के नीचे सांप दबा हुआ था। सूचना पर सांप को पकड़कर डिब्बे में बंद कर दिया गया। सांप पकड़ने के लिए सपेरे बुलाए गए। उन्होंने मौके से वाइपर सांप पकड़ा, लेकिन उसे देखकर बता दिया कि इसके दांत के नीचे जहर की थैली (Poison Gland) नहीं है। उसे निकाल लिया गया है। यानी उस सांप के काटने से इंसान मर ही नहीं सकता। परिवार वालों का शक गहराया। गले पर चोट के निशान और शरीर पर नाखून जैसे खरोच के निशान थे। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में अमित की मौत की वजह सर्पदंश के बजाय दम घुटना सामने आई। इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की। पूछताछ में रविता और अमरदीप के कथित संबंधों की जानकारी मिली। पुलिस ने दावा किया कि दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी। जांच के दौरान सांप उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति से भी पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस ने रविता और अमरदीप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मोबाइल कनेक्शन बना केस में अहम सबूत केस लड़ रही एडीजीसी फरजाना ने बताया कि पूरे केस में लगभग 500 से ज्यादा पेज की चार्जशीट पुलिस ने कोर्ट में दाखिल की थी। इसमें 12 गवाहों के बयान, तमाम सबूतों के आधार पर अब केस का फैसला आने वाला है। सबसे अहम सुबूत जिसमें पूरा केस हत्या का साबित होता है, वो मृतक की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अलावा मोबाइल कनेक्शन है। बताया कि अमित की मौत के बाद भी अमरदीप, रविता ने 4 दिन में एक दूसरे से 70 से अधिक बार बातचीत की। जिस मोबाइल से अमरदीप, रविता से बात करता था वो मोबाइल जांच में जागृति विहार निवासी सोनू नाम के लड़के का था। जब सोनू की गवाही हुई तो उसने बताया कि वो ये मोबाइल नंबर इस्तेमाल ही नहीं करता। न वो रविता, अमरदीप को जानता है। बाद में पता चला कि अमरदीप ने किसी अन्य लड़के के नाम से मोबाइल सिम लिया था। इसी सिम से वो लगातार रविता से बातचीत करता था। दोनों के बीच 500 से ज्यादा बार उसी नंबर से बातचीत होना मिला। जो एक अहम सबूत है।
पत्नी ने कहा था- मुझसे बलात्कार से भी गंदा काम करते थे जेल जाते वक्त आरोपी पत्नी रविता ने कहा था- वो (पति अमित) मेरे साथ रोज मारपीट करते थे। मेरे साथ बलात्कार से भी ज्यादा गंदा काम करते थे। कहते थे कि तुझे वेश्या बनाऊंगा, धंधा कराऊंगा। उन्हें मालूम था कि मैं अमरदीप से फोन पर बात करती हूं। पति ने खुद ही मेरी बातचीत अमरदीप से फोन पर कराई थी। फिर मुझसे कहा कि मैं अमरदीप को अपने घर पर बुलाऊंगा। उसे मारने में तुझे मेरा साथ देना है। फिर मैं तुझे भी मारूंगा। प्रेमी ने कहा था- अमित ने हत्या के लिए लड़के पीछे लगाए, इसलिए उसे मारा रविता के प्रेमी आरोपी अमरदीप ने जेल जाने से पहले कहा था- कुछ दिन पहले 3500 रुपए के लेन-देन को लेकर मेरी अमित से कहासुनी हुई थी। इसके बाद कुछ लोगों ने हमारा समझौता करा दिया था। फिर भी अमित ने मुझे मारने के लिए मेरे पीछे कुछ लड़के लगा दिए थे। जब मुझे यह बात पता चली, तो अपनी जान बचाने के लिए मैंने अमित के मर्डर की साजिश रची। अमरदीप ने बताया- मवाना क्षेत्र में मोहम्मदपुर गांव है। वहां काफी सपेरे रहते हैं। उनसे सांप एक हजार रुपए में खरीदा था। सपेरों का ही एक साथी मुझे यहां आकर सांप बेचकर गया था। अमित और आरोपी अमरदीप टाइल्स-पत्थर लगाने का काम करते थे पुलिस के मुताबिक, मृतक अमित और आरोपी अमरदीप दोनों टाइल्स-पत्थर लगाने का काम करते थे। इसलिए दोनों में दोस्ती हो गई। फिर अमरदीप का अमित के घर आना-जाना शुरू हो गया। इसी दौरान अमरदीप के अमित की पत्नी रविता से प्रेम संबंध हो गए। शायद यह बात अमित को पता चल गई थी। इसलिए दोनों ने एक हफ्ते पहले उसके मर्डर करने का प्लान बनाया। 12 अप्रैल को दिन में अमित और रविता सहारनपुर में मां शाकुंभरी देवी के दर्शन करने गए थे। वहां से लौटते वक्त रविता ने बॉयफ्रेंड अमरदीप को कॉल-मैसेज करके उसी रात मर्डर करने की प्लानिंग बताई। साथ ही सांप का इंतजाम करने के लिए कहा। दोनों ने पहले अमित की गला घोंटकर हत्या की। फिर चारपाई से उसकी लाश उठाई गई, तब सांप को उसकी कमर के नीचे डाला गया। ————————– ये खबर भी पढ़िए- पतियों की हत्या करने वाली जेल में घास छील रहीं: सांप डसवाया तो किसी ने नीले ड्रम में भरा; मेरठ की 5 कातिल बीवियों की कहानी मेरठ जिला जेल में पति की हत्या करने के आरोप में 5 पत्नियां बंद हैं। किसी ने पति को सांप से डसवाकर मार डाला, तो किसी ने हत्या करके नीले ड्रम में भर दिया। सभी ने प्रेमी के साथ घर बसाने की चाहत में पति की हत्या की। कोई जेल में घास छील रही, तो कोई झाड़ू-पोछा लगा रही। खाना बनाने का भी काम मिला है। सिलाई की भी जिम्मेदारी दी गई है। पढ़ें पूरी खबर…