योगी बोले- अब माफियाओं की पैंट गीली हो जाती है:दंगाई जेल के अंदर उर्स मना रहे; 68 हजार ग्राम प्रहरियों का मानदेय बढ़ाया

सीएम योगी ने मंगलवार को कहा- पहले जब भी पर्व या त्योहार आता था तो बरेली में दंगा शुरू हो जाता था। अब दंगाई जेल के अंदर उर्स मनाने का काम कर रहे हैं। अब कोई दंगा करेगा तो उसे मालूम है कि दंगे की क्या कीमत चुकानी होगी। उन्होंने कहा- बाप, दादाओं की कमाई से भी हाथ धोना पड़ेगा। अब यूपी की पहचान उत्सव से है। डराने वाले खुद डरे हुए हैं। जब यूपी पुलिस की गाड़ी दिखती है तो माफियाओं की पैंट गीली होती दिखाई देती है। यूपी माफिया मुक्त हो चुका है। ये बातें योगी ने शिक्षक सम्मेलन में 9 जिलों से आए शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने शिक्षक कोटे से MLC प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो के लिए वोट करने की अपील की। इससे पहले, योगी ने बरेली में प्रदेश के 68 हजार ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) का मानदेय बढ़ाने का ऐलान किया। अब तक ग्राम प्रहरियों को 2500 रुपए मिलते थे, जिसे बढ़ाकर 3500 रुपए कर दिया गया है। इसके साथ उन्हें और उनके परिवार को 5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा भी दी जाएगी। योगी के संबोधन की 6 बड़ी बातें 1. चेन स्नैचिंग की तो अगले चौराहे पर उसका लंगड़ा होना तय
योगी ने कहा- पहले जो सत्ता में थे, वही लूट-खसोट करते थे। ऐसे में पकड़ा किसको जाए। जो रहनुमा थे, वही चोर भी थे। लेकिन, अब यूपी बदल चुका है, क्योंकि अब दंगा, उपद्रव नहीं होता। माफिया मिट्टी में मिल गए हैं। अपराधी के मन में कानून का डर होना जरूरी है। अब किसी ने किसी बेटी पर हाथ डालने का प्रयास किया तो अगले चौराहे पर यमराज उसे यमलोक भेजने की तैयारी कर देते हैं। किसी ने चेन स्नैचिंग की तो अगले चौराहे पर उसका लंगड़ा होना तय है। 2. प्रदेश के सामने पहचान का संकट खड़ा हो गया था
योगी ने कहा- देश या प्रदेश की पहचान वहां की शिक्षा व्यवस्था से होती है। कभी यूपी अपनी शिक्षा व्यवस्था के लिए जाना जाता था। जैसे-जैसे आजादी के बाद सरकारों के एजेंडे से शिक्षा हटती गई, उसका दुष्परिणाम प्रदेश की व्यवस्था पर पड़ा। कानून व्यवस्था पर भी पड़ा। 2017 आते-आते ये हाल हो गए थे कि प्रदेश के सामने पहचान का संकट खड़ा हो गया। शिक्षा व्यवस्था को चौपट कर दिया गया था। 3. पहले जो सरकार थी, वो भी कछुआ चाल चलती थी
योगी ने कहा- बोर्ड परीक्षा की तारीख घोषित हो गई है। मुख्य परीक्षा सिर्फ 14 दिन में पूरी हो जाएगी। अगले 14 दिन के अंदर रिजल्ट आ जाएगा। पहले 6 महीने लगते थे। तीन महीने परीक्षा में, 3 महीने परिणाम आने में। पहले जो सरकार थी, वो भी कछुआ चाल चलती थी। केचुए की तरह रेंगते थे। अब बुलेट ट्रेन की स्पीड वाली सरकार है, डबल इंजन की सरकार है। फैसले भी बुलेट इंजन की तरह होते हैं। 4. CBSE वाले शिक्षकों को भी कैशलेस इलाज की सुविधा देंगे
सीएम ने कहा- MLC प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने कहा कि हमारे शिक्षकों को कैशलेस की सुविधा मिलनी चाहिए तो हमने कहा कि ये भी कोई मांगने की बात है, ये हमारा दायित्व है। मांगने की जरूरत नहीं पड़ेगी, हम स्वयं देंगे। सरकार आगे चलने दीजिए, CBSE वालों को भी देंगे। 5. सपा के शिक्षा मंत्री का वाकया सुनाया, सुनकर सभी हंस पड़े
योगी ने कहा- गोरखपुर में हम लोग पं. रामप्रसाद बिस्मिल के बलिदान दिवस के कार्यक्रम को आयोजित करते थे। सपा की सरकार थी। उनके माध्यमिक शिक्षा के मंत्री को गोरखपुर के कुछ लोगों ने एक कार्यक्रम में बुलाया। एक तरफ उनका कार्यक्रम चल रहा था, दूसरी तरफ हमारा चल रहा था। मंत्रीजी मंच पर गए तो उन्होंने धन्यवाद दिया और कहा कि उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के जन्मदिन पर हमें बुला लिया, उन्होंने बहुत बड़ा काम किया था। सामने एक व्यापारी बैठा था। उसने कहा कि साहब ये पं. रामप्रसाद बिस्मिल हैं। तो मंत्री ने कहा- लगता है तुम भाजपाई हो, तभी तुम पंडित बोल रहे हो। ऐसा शिक्षामंत्री होगा शिक्षा को कहां ले जाएगा। 6. नो कर्फ्यू नो दंगा, अब यूपी में है सब चंगा
योगी ने कहा- पहले गरीब, किसान को मुख्यमंत्री आवास पर नहीं बुलाया जाता था। ये मुख्यमंत्री आवास पर किसको बुलाते थे- गैंगस्टर को, दंगाई को, किसी फिरौती वसूली करने वाले को। इसीलिए जब सरकार माफिया विरोधी अभियान चलाती है तो सबसे ज्यादा परेशानी समाजवादी पार्टी को होती है। जब माफिया मरता है तो उसकी कब्र पर जाकर फातिया पढ़कर आंसू बहाते हैं। नो कर्फ्यू नो दंगा, अब यूपी में है सब चंगा।