राम-लक्ष्मण के सामने भरत-शत्रुघ्न जमीन पर लेटे:वाराणसी में भरत मिलाप देखने विदेशी भी आए; काशी नरेश हाथी से पहुंचे

वाराणसी में 484 साल पुरानी भरत मिलाप लीला हुई। भगवान श्रीराम और लक्ष्मण पुष्पक विमान से लीला स्थल पहुंचे। करीब 5 टन वजनी पुष्पक विमान को यादव बंधु कंधों पर उठाकर लाए। राम-लक्ष्मण का स्वागत करने के लिए भरत और शत्रुघ्न जमीन पर लेट गए। दोनों छोटे भाइयों को देखकर राम और लक्ष्मण रथ से उतरकर दौड़ पड़े। राम और लक्ष्मण ने दोनों भाइयों को जमीन से उठाया। फिर राम ने भरत और लक्ष्मण ने शत्रुघ्न को गले से लगा लिया। चारों भाइयों के मिलन के बाद मैदान जय श्रीराम के जयकारे से गूंज गया। गुरुवार शाम 4.40 बजे हुई इस लीला ने भाइयों के प्रेम, त्याग और समर्पण का संदेश दिया। भरत मिलाप देखने करीब 1 लाख से ज्यादा लोग पहुंचे। विदेशी पर्यटक भी काफी संख्या में आए। काशी नरेश कुंवर अनंत नारायण सिंह हाथी पर सवार होकर पहुंचे।